गोरखपुर। राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) गोरखपुर द्वारा मिशन शक्ति 5.0 (द्वितीय चरण) अभियान के तहत बुधवार को रेलवे स्टेशन गोरखपुर पर महिला यात्रियों एवं छात्राओं की सुरक्षा, जागरूकता और आत्मनिर्भरता को लेकर व्यापक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को न केवल सुरक्षा के प्रति सचेत करना बल्कि उन्हें आत्मनिर्भर और सशक्त बनाना भी रहा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता पुलिस अधीक्षक रेलवे गोरखपुर लक्ष्मी निवास मिश्र ने की। इस अवसर पर पं. दीनदयाल उपाध्याय विश्वविद्यालय की प्रोफेसर मीतू सिंह, पुलिस उपाधीक्षक रेलवे विनोद कुमार सिंह, जीआरपी थाना गोरखपुर के प्रभारी निरीक्षक अनुज कुमार सिंह सहित जीआरपी व आरपीएफ के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एसपी रेलवे लक्ष्मी निवास मिश्र ने कहा कि मिशन शक्ति 5.0 के द्वितीय चरण का मुख्य उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा प्रदान करने के साथ-साथ उन्हें जागरूक, आत्मनिर्भर और सशक्त बनाना है। उन्होंने उपस्थित महिला यात्रियों और छात्राओं को सलाह दी कि किसी भी प्रकार की समस्या या आपात स्थिति में बिना संकोच अपने अभिभावकों या पुलिस को तत्काल सूचित करें। इस दौरान महिलाओं को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के सुरक्षित उपयोग, साइबर अपराधों से बचाव, डिजिटल अरेस्ट जैसे नए अपराधों के प्रति विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही महिला एवं साइबर सुरक्षा से जुड़े हेल्पलाइन नंबरों—1930 (साइबर हेल्पलाइन), 1090 (वीमेन पावर लाइन), 181 (महिला हेल्पलाइन), 108 (एम्बुलेंस सेवा), 1076 (मुख्यमंत्री हेल्पलाइन), 112 (पुलिस आपातकालीन सेवा), 1098 (चाइल्ड लाइन) एवं 102 (स्वास्थ्य सेवा)—के बारे में विस्तार से जानकारी देकर जागरूक किया गया।
इसी क्रम में प्रोफेसर मीतू सिंह ने भी कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा और जागरूकता ही महिलाओं के सशक्तिकरण का सबसे बड़ा माध्यम है। उन्होंने जीआरपी द्वारा चलाए जा रहे इस अभियान की सराहना करते हुए महिलाओं को समाज में निर्भीक होकर अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान महिला यात्रियों एवं छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और जीआरपी द्वारा किए जा रहे इस प्रयास की सराहना की। उपस्थित महिलाओं ने ऐसे कार्यक्रमों को बेहद उपयोगी बताते हुए कहा कि इससे उनका आत्मविश्वास बढ़ता है और वे अपनी सुरक्षा के प्रति अधिक सजग होती हैं।
जीआरपी अधिकारियों ने बताया कि मिशन शक्ति 5.0 अभियान के अंतर्गत आगे भी इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा, जागरूकता और आत्मनिर्भरता के प्रति प्रेरित किया जा सके।
गोरखपुर। मंगलवार को पुलिस अधीक्षक रेलवे गोरखपुर लक्ष्मी निवास मिश्र के निर्देशन एवं क्षेत्राधिकारी…
कुशीनगर। जिले से होकर गुजरने वाले एनएच-27 पर चल रहे सुदृढ़ीकरण कार्य में भ्रष्टाचार…
कुशीनगर। जनपद कुशीनगर में कसया से लेकर बिहार सीमा तक राष्ट्रीय राजमार्ग-27 पर चल…
कुशीनगर। जनपद में भारतीय राष्ट्रीय राज मार्ग प्राधिकरण के अधीन राष्ट्रीय राजमार्ग पर कराए…