कुशीनगर । जनपद में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे सघन अभियान के तहत पटहेरवा पुलिस ने एक बड़े संगठित गिरोह का पर्दाफाश करते हुए फर्जी जीएसटी अधिकारी बनकर ट्रक चालकों से अवैध वसूली करने वाले दो शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। इस पूरी कार्रवाई में थानाध्यक्ष पटहेरवा धीरेन्द्र कुमार राय की सक्रिय नेतृत्व क्षमता और सतर्क रणनीति निर्णायक साबित हुई, जिसके चलते लंबे समय से सक्रिय इस गिरोह का भंडाफोड़ हो सका।
पुलिस अधीक्षक कुशीनगर केशव कुमार के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ वर्मा के मार्गदर्शन एवं क्षेत्राधिकारी तमकुहीराज जयंत कुमार के कुशल पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष धीरेन्द्र कुमार राय के नेतृत्व में गठित टीम ने यह सफलता हासिल की। पकड़े गए अभियुक्त शातिर अंदाज में करते थे वारदात वही बाहरी ट्रकों को बनाते थे निशाना।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान गोविंद शर्मा पुत्र राजेश कुमार शर्मा, निवासी गाजीपुर, थाना तमकुहीराज (उम्र करीब 19 वर्ष), संदीप यादव पुत्र रमायन यादव, निवासी लवकुश पश्चिमपट्टी, थाना तुर्कपट्टी (उम्र करीब 22 वर्ष) के रूप में हुई है। पूछताछ में खुलासा हुआ कि ये दोनों अपने अन्य साथियों गोविंद मद्वेशिया व बृजेश भारती उर्फ प्रिंस—के साथ मिलकर एक संगठित गिरोह चलाते थे। गिरोह के सदस्य एनएच-28 पर गुजरने वाले गैर-प्रांत के ट्रकों, डीसीएम व ट्रेलरों को चिन्हित करते थे। चलती गाड़ियों की फोटो खींचकर उनमें लिखे मोबाइल नंबर पर कॉल करते और खुद को जीएसटी अधिकारी बताकर कागजात में गड़बड़ी का भय दिखाते थे। इसके बाद वाहन को जबरन रुकवाकर अवैध वसूली की जाती थी।
मामले का खुलासा हरियाणा के सिरसा निवासी ट्रक चालक राम ऋषि की तहरीर से हुआ। उन्होंने बताया कि 26 मार्च की शाम करीब 4 बजे आरोपियों ने फोन कर उनकी गाड़ी को फर्जी माल बताकर एनएच-28 पर फाजिलनगर के आगे एसआर पेट्रोल पंप के पास रुकवा लिया।
इसके बाद खुद को जीएसटी अधिकारी बताते हुए उनसे 1 लाख 80 हजार रुपये की मांग की गई। विरोध करने पर गंभीर परिणाम भुगतने और जान से मारने की धमकी दी गई। घटना के बाद पीड़ित ने साहस दिखाते हुए पुलिस से शिकायत की, जिसके बाद पूरा गिरोह पुलिस के रडार पर आ गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए थानाध्यक्ष पटहेरवा धीरेन्द्र कुमार राय ने तत्काल टीम गठित कर एनएच-28 पर विशेष चेकिंग अभियान शुरू कराया। संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों पर कड़ी नजर रखी गई। इसी दौरान 28 मार्च की सुबह करीब 6:50 बजे काजीपुर कट से करीब 150 मीटर पहले पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दोनों अभियुक्तों को दबोच लिया। पूछताछ में इन्होंने पूरे नेटवर्क का खुलासा कर दिया।
बोले क्षेत्राधिकारी ..!
क्षेत्राधिकारी तमकुहीराज जयंत यादव ने इस संवाददाता को बताया कि थानाध्यक्ष धीरेन्द्र कुमार राय की सतर्कता, त्वरित निर्णय और टीम के कुशल संचालन के कारण ही इस गिरोह का पर्दाफाश संभव हो सका।
लंबे समय से सक्रिय था गिरोह, कई राज्यों के वाहन चालक बन चुके थे शिकार
अभियुक्तों ने पूछताछ में स्वीकार किया कि वे काफी समय से इस तरह की वारदातों को अंजाम दे रहे थे। विशेष रूप से पश्चिमी उत्तर प्रदेश, हरियाणा व अन्य राज्यों से आने वाले वाहन चालकों को निशाना बनाते थे, क्योंकि ऐसे लोग जल्दी डर जाते हैं और अधिकांश मामलों में शिकायत भी नहीं करते।
थानाध्यक्ष पटहेरवा ने कहा.!
थानाध्यक्ष पटहेरवा धीरेन्द्र कुमार राय का कहना है कि उपरोक्त प्रकरण में थाना पटहेरवा पर मु0अ0सं0 63/2026, धारा 308(5)/111(2)/318(4) बीएनएस व 207 एमवी एक्ट के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया है। वही पुलिस अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।
इस सराहनीय कार्य को अमली जामा पहनाने में थानाध्यक्ष धीरेन्द्र कुमार राय, उपनिरीक्षक राम प्रवेश सिंह, सच्चिदानन्द यादव, अनुराग यादव, श्रवण कुमार, हेड कांस्टेबल राम प्रवेश यादव, शंखधर राय, कांस्टेबल अजय यादव एवं अमित कुमार की अहम भूमिका रही।
पुलिस ने आम जनता व वाहन चालकों से अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति खुद को अधिकारी बताकर इस प्रकार की वसूली करता है, तो तत्काल नजदीकी थाने में सूचना दें, ताकि ऐसे गिरोहों पर सख्त कार्रवाई की जा सके।
खड्डा, कुशीनगर। हनुमानगंज थाना के जोकहिया चौराहे पर अपनी दुकान के सामने खड़ी महिला…
कुशीनगर,विकास खण्ड मोतीचक अन्तर्गत ग्राम सभा सिकटिया में स्थित राम-जानकी मंदिर गड़ेरीपटृटी के प्रांगण…
कुशीनगर। जिले में शिकायतों के निस्तारण को लेकर एक अनोखा और चौंकाने वाला मामला…
कुशीनगर। मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम के जन्मोत्सव रामनवमी के पावन अवसर पर जहां एक…