सलेमगढ़,कुशीनगर ।सेवरही विकासखंड के ग्रामसभा सलेमगढ़ बाजार स्थित बसडिला बुजुर्ग रोड पर अवस्थित बीआरएम स्कूल में वार्षिकोत्सव समारोह बड़े ही धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रम, मेधावी विद्यार्थियों का पुरस्कार वितरण एवं सहभोज का आयोजन किया गया, जिसकी गूंज ग्रामीण अंचलों तक सुनाई दी और कार्यक्रम को क्षेत्रवासियों ने खूब सराहा।
अनुशासन, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बच्चों के हुनर को पहचान देने के लिए विख्यात बीआरएम स्कूल ने इस बार एक सराहनीय पहल की। विद्यालय प्रबंधन ने अभिभावकों और विशिष्ट अतिथियों की व्यस्त दिनचर्या को ध्यान में रखते हुए वार्षिकोत्सव कार्यक्रम 7 फरवरी, शनिवार को सायं 5 बजे से रात्रि 8 बजे तक आयोजित करने का निर्णय लिया। इस निर्णय का सकारात्मक परिणाम यह रहा कि हजारों की संख्या में लोग कार्यक्रम में शामिल हुए और बच्चों की प्रतिभा के साक्षी बने।
कार्यक्रम के दौरान नन्हे-मुन्ने बच्चों ने देशभक्ति, सामाजिक कुरीतियों, धार्मिक भावनाओं, पारिवारिक प्रेम और तिरस्कार जैसे विषयों पर आधारित मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। संगीत की लय पर सजे-धजे परिधानों में जब बच्चों ने अपने-अपने किरदारों को मंच पर जीवंत किया तो दर्शक मंत्रमुग्ध हो गए। कई बार तो अभिभावक और अतिथि यह सोचने पर विवश हो गए कि क्या ये वही शरारती बच्चे हैं, जो आज पूरी तन्मयता के साथ अपने पात्रों में रम गए हैं।
कार्यक्रम का शुभारंभ अवकाश प्राप्त शिक्षक इकबाली राय, विद्यावती देवी महिला महाविद्यालय के प्रबंधक बबलू राय तथा बीआरएम स्कूल के प्रबंधक राजन कुमार मिश्रा द्वारा फीता काटकर, मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। इसके पश्चात कक्षा अध्ययन और खेलकूद प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले मेधावी छात्रों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
इस भव्य समारोह में पूर्व ब्लॉक प्रमुख डॉ. विजय राय, उदय नारायण गुप्ता, मधुर श्याम राय, हरेंद्र मिश्रा, अविनाश सिंह, राजेंद्र मिश्रा, निलय सिंह (भाजपा नेता), अभिषेक मिश्रा, भरत मिश्रा, अनिल मिश्रा सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। साथ ही विद्यालय के सभी शिक्षकगण, यूनिट ऑफ प्राइवेट स्कूल के अध्यक्ष संतोष मिश्रा एवं अन्य पदाधिकारी भी समारोह में शामिल हुए।
कार्यक्रम का कुशल संचालन दिलीप राय ने किया। आयोजन को सफल बनाने में अवंतिका राय, शाहीन बानो, गुड़िया त्रिपाठी, पंकज पाठक, विजय शर्मा सहित सभी शिक्षकों का योगदान सराहनीय रहा। कार्यक्रम में हजारों की संख्या में अभिभावक, आमजन, महिलाएं, बच्चे तथा सम्मानित पत्रकार बंधु मौजूद रहे। वहीं सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी बहादुरपुर पुलिस चौकी प्रभारी एवं उनकी टीम ने मुस्तैदी से संभाली।
बीआरएम स्कूल का यह वार्षिकोत्सव न केवल बच्चों की प्रतिभा का मंच बना, बल्कि शिक्षा के प्रति समाज में सकारात्मक संदेश भी छोड़ गया।