कुशीनगर। उत्तर प्रदेश-बिहार सीमा पर स्थित बहादुरपुर पुलिस चौकी के चेकिंग प्वाइंट पर बुधवार की देर रात उस समय हड़कंप मच गया, जब बालू लदे एक तेज रफ्तार ट्रक चालक ने पुलिस टीम को देखकर वाहन रोकने के बजाय भागने की कोशिश की। पुलिस के पीछा करने पर चालक ने नवनिर्मित ओवरब्रिज सलेमगढ़ पूरबी कट के पास ट्रक को बैक कर आरक्षी बिजेंद्र मणि त्रिपाठी को कुचलने का प्रयास किया। हादसे में आरक्षी का पैर ट्रक के पहिए के नीचे आकर बुरी तरह जख्मी हो गया। उनकी मोटरसाइकिल भी क्षतिग्रस्त हो गई। घायल आरक्षी को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत को देखते हुए उन्हें गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। उनका उपचार मेडिकल कॉलेज में चल रहा है।
बताया जाता है कि बीती रात करीब एक बजे थाना तरयासुजान की बहादुरपुर चौकी प्रभारी शंशाक राय पुलिस टीम के साथ यूपी-बिहार सीमा स्थित चेकिंग प्वाइंट पर वाहनों की जांच कर रहे थे। इसी दौरान बिहार की तरफ से बालू लदा एक ट्रक उत्तर प्रदेश की सीमा में प्रवेश करता दिखाई दिया। पुलिस टीम ने ट्रक को रुकने का संकेत दिया, लेकिन चालक ने वाहन रोकने के बजाय उसकी रफ्तार बढ़ा दी और भागने लगा।
पुलिस टीम ने ट्रक का पीछा किया। इसी दौरान नवनिर्मित ओवरब्रिज के कट के पास चालक ने ट्रक को रोकने के बाद अचानक बैक गियर में तेज रफ्तार से दौड़ाते हुए आरक्षी बिजेंद्र मणि त्रिपाठी को निशाना बनाया। ट्रक की चपेट में आने से आरक्षी नीचे गिर गए और उनका पैर ट्रक के पहिए के नीचे दब गया। घटना में उनका पैर गंभीर रूप से जख्मी हो गया, जबकि उनकी बाइक भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
घटना के बाद चालक ट्रक को यू-टर्न कर फिर बिहार की तरफ लेकर भाग निकला। पुलिस ने पीछा जारी रखा और बिहार की सीमा में प्रवेश कर गोपालगंज जिले के बथाना कुटी के पास ट्रक को पकड़ लिया। हालांकि, मौका पाकर ट्रक चालक फरार होने में सफल रहा। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
घटना की जानकारी मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक कुशीनगर सिद्धार्थ वर्मा मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर पूरे मामले की जानकारी ली। उन्होंने घायल आरक्षी की स्थिति के संबंध में भी जानकारी ली तथा पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
फिलहाल पुलिस फरार ट्रक चालक की तलाश के साथ ही घटना के संबंध में आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।
कुशीनगर। पूर्वांचल में भोजपुरी अकादमी की स्थापना की मांग को राज्यसभा में उठाने के…
कुशीनगर। महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन को बढ़ावा देने के उद्देश्य…
मथौली बाजार/कुशीनगर । विकास खंड मोतीचक अन्तर्गत कम्पोजिट विद्यालय तुर्कहां में मिशन शक्ति अभियान…
सलेमगढ़ कुशीनगर। (ऐड) नवरात्र, दशहरा, धनतेरस, दीपावली और छठ पूजा के त्योहारों पर नई…