कुशीनगर। जिले के समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने सोमवार को विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर जिला मुख्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में सपाई कलेक्ट्रेट परिसर पहुंचे और केंद्र व प्रदेश सरकार की नीतियों के विरोध में धरना-प्रदर्शन करते हुए नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने बढ़ती बेरोजगारी, बेलगाम महंगाई, बार-बार हो रही पेपर लीक की घटनाओं, डीजल-पेट्रोल व रसोई गैस के बढ़ते दाम तथा गरीब, किसान, नौजवान और आम जनता से जुड़े मुद्दों को लेकर सरकार को घेरा।
धरना-प्रदर्शन के दौरान सपा नेताओं ने आरोप लगाया कि प्रदेश और देश में युवा रोजगार के लिए भटक रहे हैं, लेकिन सरकार स्थायी रोजगार उपलब्ध कराने में विफल साबित हुई है। प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार पेपर लीक होने से लाखों युवाओं का भविष्य अंधकारमय हो रहा है। वहीं पेट्रोल, डीजल और घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतों में हुई बढ़ोतरी से आम आदमी का बजट पूरी तरह बिगड़ गया है।
सपा नेताओं ने कहा कि प्रदेश में गरीबों, किसानों और कमजोर वर्गों के साथ अन्याय और अत्याचार की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की नीतियों के विरोध में आवाज उठाने वाले समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं के साथ भी प्रशासनिक स्तर पर दुर्व्यवहार किया जा रहा है तथा उन्हें अनावश्यक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा है। लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन कर विपक्ष की आवाज दबाने का प्रयास किया जा रहा है।
धरने को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि जनता आज महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार से त्रस्त है। शिक्षा व्यवस्था पर भी संकट गहराता जा रहा है और बार-बार पेपर लीक की घटनाओं ने युवाओं के भरोसे को तोड़ दिया है। सरकार को जनहित के मुद्दों पर गंभीरता से विचार करते हुए ठोस कदम उठाने चाहिए।
प्रदर्शन के उपरांत समाजवादी पार्टी के प्रतिनिधिमंडल ने राष्ट्रपति को संबोधित एक ज्ञापन अपर जिलाधिकारी (एडीएम) को सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से महंगाई पर नियंत्रण, युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने, पेपर लीक की घटनाओं पर कठोर कार्रवाई, पेट्रोल-डीजल एवं रसोई गैस के दामों में राहत देने तथा गरीबों और विपक्षी कार्यकर्ताओं के साथ कथित उत्पीड़न पर रोक लगाने की मांग की गई।
इस दौरान बड़ी संख्या में सम्पूर्ण कुशीनगर जिले से समाजवादी पार्टी के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे, जिन्होंने जनहित के मुद्दों पर संघर्ष जारी रखने का संकल्प भी दोहराया।
मथौली बाजार/कुशीनगर । विकास खंड मोतीचक अन्तर्गत कम्पोजिट विद्यालय तुर्कहां में मिशन शक्ति अभियान…
सलेमगढ़ कुशीनगर। (ऐड) नवरात्र, दशहरा, धनतेरस, दीपावली और छठ पूजा के त्योहारों पर नई…
हाटा कुशीनगर स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के भडकुलवा हाइबे के एक अधेड़ व्यक्ति का प्राइवेट…
हाटा कुशीनगर ओमान के सोहर पोर्ट पर तेल टैंकर को निशाना बनाकर किए गए…