कुशीनगर। मोबाइल चोरी कर उसका लॉक तोड़ने, सिम और जीमेल के जरिए बैंकिंग से जुड़ी जानकारी हासिल करने तथा यूपीआई पिन रीसेट कर लाखों रुपये की ऑनलाइन खरीदारी करने वाले साइबर ठगी के गिरोह का कुशीनगर पुलिस ने पर्दाफाश किया है। थाना साइबर क्राइम और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए गिरोह के दो शातिर साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से तीन आईफोन, दो सैमसंग गैलेक्सी एस-26 अल्ट्रा समेत सात मोबाइल फोन और करीब 8.50 लाख रुपये कीमत का ऑनलाइन खरीदा गया सामान बरामद किया है।
पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने इसी तरीके से करीब 8.70 लाख रुपये की खरीदारी की थी। यह कार्रवाई CY-VAJRA-02 अभियान के तहत 15 सितंबर 2026 को की गई। पुलिस ने यह सफलता पुलिस अधीक्षक केशव कुमार के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ वर्मा के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी सदर डा. राकेश प्रताप सिंह के नेतृत्व में हासिल की।
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी पहले मोबाइल फोन चोरी करते थे। चोरी किए गए मोबाइल का लॉक तोड़कर उसे रीसेट और फॉर्मेट कर दोबारा चालू करते थे। इसके बाद मोबाइल में लगे सिम कार्ड नंबर के माध्यम से जीमेल आईडी से संबंधित जानकारी हासिल करने का प्रयास करते थे।
आरोपी चोरी किए गए मोबाइल से आवश्यक डेटा रिकवर करने के बाद यूपीआई पिन रीसेट करते और बैंक खाते में उपलब्ध रकम की जानकारी हासिल कर लेते थे। इसके बाद फ्लिपकार्ट समेत अन्य ऑनलाइन वेबसाइटों पर मौजूद खातों के जरिए महंगे सामान की खरीदारी की जाती थी।
साइबर अपराधियों का खेल यहीं नहीं रुकता था। ऑनलाइन खरीदे गए सामान की डिलीवरी के लिए फर्जी पते का इस्तेमाल किया जाता था। सामान हाथ लगने के बाद उसे बाजार में बेचकर रकम हासिल की जाती थी या फिर आरोपी स्वयं उसका इस्तेमाल करते थे। पुलिस के अनुसार इसी तरीके से आरोपियों ने करीब 8 लाख 70 हजार रुपये की ऑनलाइन खरीदारी की।
पुलिस टीम ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से कुल 07 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इनमें तीन आईफोन, दो सैमसंग गैलेक्सी एस-26 अल्ट्रा, एक नथिंग मोबाइल और एक मोटोरोला मोबाइल शामिल है।
इसके अलावा 03 पावर बैंक, एक ईयरबड्स, 03 आयरन प्रेस, 02 इंडक्शन, एक सैंडविच मेकर, एक सीलिंग फैन, एक मिक्सर ग्राइंडर, दो रेडबुल एनर्जी ड्रिंक और पांच कैडबरी सेलिब्रेशन चॉकलेट भी बरामद हुई हैं। पुलिस ने बरामद ऑनलाइन खरीदे गए सामान की कीमत करीब 8.50 लाख रुपये बताई है। जामा तलाशी में 800 रुपये नकद और दो एंड्रायड मोबाइल फोन भी मिले हैं।
बता दे गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इरशाद अंसारी पुत्र सिकन्दर अंसारी, निवासी जंगल लाला छपरा सोहनपुर, थाना विशुनपुरा तथा अर्जुन कुमार रजक पुत्र दिलीप कुमार रजक, निवासी जंगल लाला छपरा दुबौली बाजार, थाना विशुनपुरा, जनपद कुशीनगर के रूप में हुई है।
इस मामले में थाना साइबर क्राइम पर दर्ज मु0अ0सं0-14/2026, धारा 303(2) बीएनएस व 66सी आईटी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। विवेचना के दौरान धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है। दोनों आरोपियों के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
यहां बताना चाहूंगा कि इन पुलिसकर्मियों की टीम ने किया खुलासा। गिरफ्तारी और बरामदगी करने वाली टीम में निरीक्षक मनमोहन मिश्रा, थाना साइबर क्राइम; साइबर सेल प्रभारी उपनिरीक्षक सुनील कुमार सिंह, हेड कांस्टेबल विजय कुमार चौधरी, कांस्टेबल अखिलेश कुमार गुप्ता, अमित कुमार गुप्ता, प्रशान्त कुमार मिश्रा तथा थाना साइबर क्राइम के कांस्टेबल प्रदीप कुमार यादव शामिल रहे।
मोबाइल चोरी हो तो तत्काल उठाएं ये कदम…!
कुशीनगर पुलिस ने आमजन से अपील की है कि मोबाइल चोरी या गुम होने की स्थिति में लापरवाही न बरतें। मोबाइल से जुड़े बैंक खाते, यूपीआई, ई-मेल और सोशल मीडिया खातों की सुरक्षा तत्काल सुनिश्चित करें। चोरी हुए मोबाइल की सूचना नजदीकी थाने में दें और CEIR पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराकर मोबाइल को ब्लॉक कराएं। साथ ही चोरी हुए मोबाइल से जुड़े नंबर का सिम तत्काल बंद कराकर नया सिम प्राप्त करें।
पुलिस का कहना है कि मोबाइल चोरी होने के बाद जितनी जल्दी सुरक्षा संबंधी कदम उठाए जाएंगे, उतना ही व्यक्तिगत और वित्तीय जानकारी के दुरुपयोग को रोका जा सकेगा तथा चोरी हुए मोबाइल और साइबर अपराधियों तक पहुंचने में पुलिस को मदद मिलेगी।
कुशीनगर। मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में कसया पुलिस…
हाटा, कुशीनगर। तहसील लेखपाल संघ ने बुधवार को नवागत उपजिलाधिकारी आई ए एस मयंक…
हाटा कुशीनगर। नगर पालिका क्षेत्र में शामिल हुए कई ग्राम सभाओं को आठ वर्ष…
कुशीनगर। जिले में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत…