कुशीनगर। तमकुही रोड रेलवे स्टेशन पर पुरानी रंजिश को लेकर एक युवक पर जानलेवा हमला कर गोलीबारी करने के मामले में जीआरपी गोरखपुर पुलिस को सफलता मिली है। पुलिस टीम ने मामले में नामजद आरोपी मुकेश यादव (25 वर्ष) को गोरखपुर छावनी रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर पांच के पूर्वी छोर से गिरफ्तार किया है। आरोपी कुशीनगर जिले के सेवरही थाना क्षेत्र के राजपुर खास गांव का निवासी है। पुलिस के अनुसार, घटना में शामिल अन्य आरोपियों की भूमिका की जांच की जा रही है। गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, बीते 19 अक्टूबर 2026 की रात करीब 10:30 बजे तमकुही रोड रेलवे स्टेशन पर खड़ी गोमती नगर एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 15114) में यात्रा करने के लिए कुशीनगर जिला के थाना तरयासुजान निवासी राजन शर्मा अपने परिवार के साथ पहुंचा था। इसी दौरान पुरानी रंजिश को लेकर पहले से घात लगाए आरोपियों ने कथित तौर पर एकजुट होकर उसे घेर लिया।
जान बचाने के लिए जब पीड़ित ट्रेन में चढ़ने का प्रयास करने लगा, तभी आरोपियों ने उसके दाहिने पैर की जांघ में पीछे से गोली मार दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।
मामले में मुकदमा वादी वाले बिनोद की तहरीर के आधार पर जीआरपी थाना गोरखपुर में मुकदमा अपराध संख्या 167/2026 दर्ज किया गया। इसमें भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 109(1), 191(2), 191(3), 190, 115(2), 351(3), 352 और 61(2) के तहत अभियोग पंजीकृत कर विवेचना शुरू की गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी थी। इसी क्रम में जीआरपी थाना गोरखपुर की टीम ने कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपी मुकेश यादव को गिरफ्तार कर लिया।
जीआरपी पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान गिरफ्तार आरोपी ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर पुरानी रंजिश के चलते तमकुही रोड रेलवे स्टेशन पर राजन शर्मा पर हमला और गोलीबारी करने की बात स्वीकार की है। हालांकि, घटना में अन्य आरोपियों की संलिप्तता और पूरे घटनाक्रम की पुष्टि विवेचना के आधार पर की जाएगी। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी का उपलब्ध आपराधिक विवरण फिलहाल इसी मुकदमे से संबंधित है। उसके अन्य आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में जीआरपी थाना गोरखपुर के प्रभारी निरीक्षक अनुज कुमार सिंह तथा उपनिरीक्षक दिग्विजय सिंह परमार, चौकी प्रभारी जीआरपी पनियहवा शामिल रहे। जीआरपी पुलिस के अनुसार, रेलवे स्टेशन, सर्कुलेटिंग एरिया और ट्रेनों में अपराध नियंत्रण, यात्रियों की सुरक्षा, चोरी की घटनाओं की रोकथाम, अवैध शराब की तस्करी पर अंकुश लगाने तथा वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई है।
कुशीनगर । गोरखपुर-फैजाबाद खण्ड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 के अंतर्गत 23 अक्टूबर…
हाटा कुशीनगर । आगामी त्योहारों को देखते हुए हाटा पुलिस ने मूर्तिकारों को पहले…
लापरवाही नहीं होगी क्षम्य- ज्वाइंट मजिस्ट्रेट हाटा कुशीनगर। आगामी विधान सभा चुनाव से पूर्व…
खड्डा विकास खंड का एतिहासिक मठिया मेला 30 अक्टूबर जबकि विराट दंगल 31 को…