हाटा कुशीनगर। नगर पालिका क्षेत्र में शामिल हुए कई ग्राम सभाओं को आठ वर्ष से अधिक समय बीतने के बावजूद आज तक ग्रामीण विद्युत आपूर्ति व्यवस्था से ही जोड़े जाने को लेकर लोगों का आक्रोश मंगलवार को सड़क पर उतर आया।पड़री फीडर में लगातार हो रही अनियमित विद्युत कटौती से नाराज सैकड़ों युवक 33 केवीए विद्युत उपकेंद्र हाटा पहुंच गए।
प्रदर्शनकारियों ने कुछ समय के लिए सभी फीडरों की आपूर्ति बंद कराकर उपकेंद्र परिसर में धरना शुरू कर दिया।प्रदर्शनकारियों का कहना था कि करीब डेढ़ माह पहले हाटा विधायक मोहन वर्मा के माध्यम से विद्युत विभाग को पत्र देकर पड़री फीडर का नगरीकरण कराने की मांग की गई थी। उस दौरान क्षेत्रीय लोगों की मौजूदगी में तत्कालीन एक्सईएन दुर्गेश यादव ने 15 दिन के भीतर फीडर को नगरीय व्यवस्था से जोड़ने का लिखित आश्वासन दिया था। निर्धारित समय बीतने के बाद भी कार्रवाई नहीं होने और इसी बीच एक्सईएन के स्थानांतरण से लोगों में नाराजगी और बढ़ गई।लोगों ने आरोप लगाया कि ग्रामीण फीडर होने के कारण रात में भी लंबे समय तक बिजली कटौती की जाती है।रात के करीब आठ घंटे के दौरान कई घंटे रोस्टिंग के नाम पर आपूर्ति बाधित रहती है। मंगलवार रात तीज व्रत के दौरान भी बिजली कटौती से महिलाओं को परेशानी उठानी पड़ी।धरने की सूचना पर एसडीओ बलदेव सिंह और जेई अरविंद कुमार मौके पर पहुंचे। पुलिस भी विद्युत उपकेंद्र पहुंच गई।
अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से वार्ता कर उनकी समस्याएं सुनीं।एसडीओ बलदेव सिंह ने बताया कि मंगलवार शाम से ही पड़री फीडर को नगरीय विद्युत व्यवस्था से जोड़ने की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।पट्टन से पड़री फीडर को शहरी आपूर्ति से जोड़ा जाएगा।इसके बाद क्षेत्र को शहर के निर्धारित शेड्यूल के अनुसार बिजली देने का प्रयास किया जाएगा और रात में रोस्टिंग नहीं होगी। उन्होंने बताया कि शहर को मिलने वाले करीब साढ़े 21 घंटे के विद्युत आपूर्ति शेड्यूल के अनुरूप पड़री फीडर को भी आपूर्ति देने का प्रयास किया जाएगा।अधिकारियों की ओर से लिखित आश्वासन मिलने के बाद प्रदर्शनकारी शांत हुए और धरना समाप्त कर दिया।
लोगों ने चेतावनी दी कि यदि आश्वासन के अनुसार फीडर का नगरीकरण नहीं हुआ और कटौती की समस्या दूर नहीं हुई तो दोबारा आंदोलन किया जाएगा।
कुशीनगर। जिले में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत…
कुशीनगर। अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में कप्तानगंज पुलिस को…
परिजनों ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की, बच्ची का इलाज कराया…
हाटा कुशीनगर । कोतवाली हाटा पुलिस ने अपहरण, दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट के मामले…