कुशीनगर। एक पल में सब कुछ खत्म करने की सोच लेकर 18 साल की रिया छोटी गंडक नदी पुल पर खड़ी थी। उसकी आंखों में डर और बेबसी का सैलाब साफ नजर आ रहा था। वो चाहती तो कुछ ही सेकंड में नदी की लहरों में समा जाती, लेकिन किस्मत ने उसे बचाने के लिए पुलिस की वर्दी में फरिश्ते भेज दिए। उप निरीक्षक गौरव शुक्ल, आरक्षी राहुल पांडेय और महिला आरक्षी साधना गिरी ने वक्त रहते न सिर्फ उसकी जान बचाई, बल्कि भरोसे और ममता से उसे जिंदगी की ओर लौटा लाया।
बता दे,आज छः जुलाई 2025 को सुबह लगभग 11:30 बजे पुलिस चौकी कुशीनगर को सूचना प्राप्त हुई कि थाना कसया क्षेत्रांतर्गत ग्राम भैंसहा स्थित छोटी गंडक नदी पुल पर एक युवती आत्महत्या का प्रयास कर रही है। सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी उप निरीक्षक गौरव शुक्ल, महिला आरक्षी साधना गिरि और आरक्षी राहुल पांडेय तत्काल मौके पर पहुंचे और समय रहते युवती को सुरक्षित अपने संरक्षण में लिया। पुलिस चौकी लाकर रिया को पहले जलपान कराया गया और धैर्यपूर्वक उसकी काउंसलिंग की गई। बातचीत में युवती ने अपना नाम रिया, थाना महुआडीह, जनपद देवरिया (उम्र करीब 18 वर्ष) बताया। रिया ने बताया कि उसके पिता मुंबई में काम करते हैं।
चौकी प्रभारी गौरव ने तुरंत दूरभाष के माध्यम से रिया के पिता को पूरी घटना की जानकारी दी और साथ ही देवरिया पुलिस को भी सूचित किया। महिला आरक्षी साधना गिरि ने संवेदनशीलता के साथ रिया को समझाया कि कोई भी परेशानी जीवन से बड़ी नहीं होती। काउंसलिंग के बाद रिया घर लौटने को राज़ी हो गई।
कुशीनगर पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई और मानवीय प्रयास से एक अनमोल जीवन बचाया जा सका। अंततः रिया को सकुशल परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। क्षेत्रवासियों और पुलिस विभाग में उप निरीक्षक गौरव शुक्ल, आरक्षी राहुल पांडेय और महिला आरक्षी साधना गिरि की सराहना की जा रही है, जिन्होंने अपने कर्तव्य के साथ संवेदना और इंसानियत का भी परिचय दिया।
तुर्कपट्टी/कुशीनगर । होली के दिन तुर्कपट्टी थाना क्षेत्र में हुए भीषण सड़क हादसे में…
कुशीनगर। जनपद कुशीनगर में होली का रंग पुलिस लाइन में भी खूब जमकर बरसा।…
कुशीनगर। होली पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य…
खड्डा- थाना क्षेत्र के नवल छपरा गांव से होली का बाजार करने जा रहे…