- 29 नवंबर से शुरू होगी पेराई
- सांसद, चेयरमैन, यूनिट हेड आदि ने डोंगे में गन्ना डाल किया शुभारंभ
खड्डा, कुशीनगर। आईपीएल चीनी मिल खड्डा के पेराई सत्र 2026-27 का शुभारंभ बुधवार को विधि-विधान से हवन-पूजन कर किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सांसद विजय कुमार दूबे ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजा-अर्चना कर सत्र का शुभारंभ किया। चीनी मिल में गन्ने की पेराई 29 नवंबर 2026 से शुरू होगी।
इस अवसर पर मिल के प्रधान प्रबंधक विकास कुमार चौधरी, केन हेड सुधीर कुमार, उपजिलाधिकारी खड्डा संतराज सिंह बघेल, सीओ अजय श्रीवास्तव, चेयरमैन सुप्रियमय मालवीय, नगर अध्यक्ष प्रतिनिधि दुर्गेश्वर वर्मा, वाइस चेयरमैन विजय अग्रवाल, थानाध्यक्ष महेश चौबे सहित अन्य गणमान्य लोग एवं सैकड़ों किसान एवं मिल के तकनीकी हेड विजय मिश्रा, प्रोडक्शन हेड रणवीर सिंह, लेखा हेड दिग्विजय सिंह, गन्ना अधिकारी मुन्ना सिंह, उप प्रबंधक गन्ना शेरबहादुर तेवतिया तथा सहायक प्रबंधक गन्ना संदीप चौधरी सहित अधिकारी-कर्मचारी भी मौजूद रहे। प्रधान प्रबंधक विकास कुमार चौधरी एवं केन हेड सुधीर कुमार ने किसानों से अपील की कि समिति द्वारा जारी गन्ना पर्ची के अनुसार निर्धारित तिथि पर ही मिल में गन्ने की आपूर्ति करें, जिससे पेराई सत्र नियमित रूप से संचालित हो सके।
उन्होंने कहा कि किसानों के सहयोग से मिल का शुभ मुहूर्त संपन्न हुआ है और 29 नवंबर से पेराई शुरू कर दी जाएगी। अंत में सभी अतिथियों एवं किसानों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।
