कुशीनगर। जिले की तरयासुजान पुलिस ने घर से लापता हुई नाबालिग को सकुशल बरामद करते हुए दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट समेत गंभीर धाराओं में वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया। करीब दो माह से चल रही तलाश का आखिरकार पटाक्षेप हो गया। रेलवे स्टेशन पर मिली मुखबिर की सूचना से पुलिस को अहम सुराग मिला। पुलिस को देखते ही संदिग्ध युवक मौके से फरार हो गया, लेकिन पुलिस ने पीछा जारी रखते हुए उसे भी गिरफ्तार कर लिया।
मिली जानकारी के अनुसार, तरयासुजान थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति ने बीते छह अक्टूबर को स्थानीय थाने में सूचना दी थी कि उसकी पुत्री 21 सितंबर से घर से लापता है। परिजनों ने अपने स्तर से काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चल सका। इसके बाद पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर नाबालिग की सकुशल बरामदगी और घटना से जुड़े आरोपी की तलाश शुरू कर दी।
इसी क्रम में थानाध्यक्ष नितिन रघुनाथ श्रीवास्तव के नेतृत्व में पुलिस टीम लगातार सुरागरसी में जुटी रही। थानाध्यक्ष के मुताबिक, मुखबिर से सूचना मिली कि तरयासुजान रेलवे स्टेशन पर एक नाबालिग लड़की और एक संदिग्ध युवक ट्रेन पकड़ने के इंतजार में हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस को देखते ही संदिग्ध युवक भाग निकला, जबकि टीम ने नाबालिग को सकुशल बरामद कर लिया।
इसके बाद पुलिस फरार युवक की तलाश में जुटी रही। लगातार प्रयास के बाद 19 नवंबर 2026 को उसे तमकुहीराज-सिसवा मार्ग से गिरफ्तार कर लिया गया। पकड़े गए अभियुक्त की पहचान टुन्नू राम पुत्र सुदामा राम निवासी दौनहा नौका टोला, थाना धनहा, जनपद पश्चिमी चंपारण (बिहार) के रूप में हुई।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध तरयासुजान थाने में मु0अ0सं0 314/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 137(2), 87, 64 तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 5/6 में मुकदमा पंजीकृत है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
क्या कहते हैं थानाध्यक्ष नितिन रघुनाथ
इस संवाददाता के सवालों का जवाब देते हुए थानाध्यक्ष तरयासुजान नितिन रघुनाथ श्रीवास्तव ने बताया कि मुखबिर के जरिए सूचना मिली थी कि रेलवे स्टेशन पर एक नाबालिग लड़की और संदिग्ध युवक ट्रेन पकड़ने की प्रतीक्षा कर रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम तत्काल पहुंची। पुलिस को देखते ही युवक फरार हो गया, जबकि नाबालिग को बरामद कर लिया गया। इसके बाद लगातार तलाश करते हुए 19 नवंबर को आरोपी को तमकुहीराज-सिसवा मार्ग से गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष नितिन रघुनाथ श्रीवास्तव, उपनिरीक्षक विवेक अवस्थी तथा कांस्टेबल राहुल सिंह शामिल रहे।
