कुशीनगर । सोशल मीडिया पर युवक को लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटने का वीडियो वायरल होते ही तरयासुजान पुलिस हरकत में आ गई। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई की और मारपीट की घटना से जुड़े तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में चर्चा तेज हो गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, थाना तरयासुजान क्षेत्र के जवही दयाल गांव निवासी राजकुमार खरवार पुत्र वीरेंद्र खरवार ने 24 नवंबर 2026 को पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया कि पुरानी रंजिश को लेकर विनोद खरवार व उसके साथियों ने उनके भाई राकेश खरवार के साथ लाठी-डंडों से मारपीट की। मारपीट में उनका भाई बेहोश हो गया। आरोपियों ने जान से मारने की धमकी भी दी।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने मु0अ0सं0 382/2026 के तहत बीएनएस की धारा 115(2), 352, 351(3) एवं 110 में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू की। वहीं, मौके पर शांति व्यवस्था बनाए रखने के दृष्टिगत पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विनोद खरवार (20) व अभिषेक खरवार (22), पुत्र गामा खरवार तथा मुकेश खरवार (22), पुत्र परमेश्वर खरवार, निवासी जवही दयाल, चैनपट्टी, थाना तरयासुजान, जनपद कुशीनगर के रूप में हुई है। पुलिस ने तीनों के विरुद्ध निरोधात्मक कार्रवाई करते हुए धारा 170/126/135 बीएनएसएस के तहत चालान किया है।
पुलिस के अनुसार, मौके पर शांति व्यवस्था कायम है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के सामने आने के बाद पुलिस की त्वरित कार्रवाई से साफ है कि ऐसे मामलों में कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वालों के विरुद्ध कार्रवाई की जा रही है।
थानाध्यक्ष तरयासुजान नितिन रघुनाथ श्रीवास्तव ने बताया कि युवक के परिजनों के तहरीर पर मुकदमा पंजीकृत कर आगे की कार्यवाही की जा रही है,विवेचना में और धाराएं की बढ़ोतरी भी संभव हो सकती हैं। घटना का मूल कारण कि पता किया जा रहा है।
