कुशीनगर । आगामी बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से जनपद प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। इसी क्रम में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में प्रशासन और पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में पीस कमेटी की अहम बैठक आयोजित की गई, जिसमें सुरक्षा व्यवस्था से लेकर सोशल मीडिया निगरानी तक के मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी महेन्द्र सिंह तंवर एवं पुलिस अधीक्षक केशव कुमार ने संयुक्त रूप से की। इस दौरान जिले के विभिन्न प्रशासनिक अधिकारी, पुलिस अधिकारी तथा पीस कमेटी के सदस्य मौजूद रहे।
पुलिस अधीक्षक केशव कुमार ने कहा कि बकरीद के दौरान जनपद में चाक-चौबंद सुरक्षा व्यवस्था लागू रहेगी। संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा तथा असामाजिक तत्वों पर विशेष नजर रखी जाएगी। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि सोशल मीडिया पर भ्रामक, भड़काऊ अथवा आपत्तिजनक पोस्ट करने वालों के खिलाफ सख्त विधिक कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए पुलिस की सोशल मीडिया सेल लगातार निगरानी कर रही है।
पीस कमेटी के सदस्यों से अपील करते हुए पुलिस अधीक्षक ने कहा कि सभी लोग निर्धारित नमाज स्थलों पर ही नमाज अदा करें और सड़कों पर नमाज न पढ़ें। साथ ही साफ-सफाई बनाए रखने, अफवाहों से बचने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई।
जिलाधिकारी महेन्द्र सिंह तंवर ने कहा कि जनपद में शांति व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने लोगों से भाईचारा और सौहार्द बनाए रखते हुए त्योहार मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और प्रशासन का सहयोग करें, ताकि बकरीद का पर्व शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके।
बैठक में मौजूद पीस कमेटी के सदस्यों ने भी प्रशासन को पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में लोगों को आपसी सौहार्द और शांति बनाए रखने के लिए जागरूक करेंगे।
गोष्ठी के अंत में जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने सभी सदस्यों को धन्यवाद देते हुए विश्वास जताया कि जनपदवासियों के सहयोग से बकरीद का त्योहार पूरी शांति, सद्भाव और सुरक्षा के साथ मनाया जाएगा।
कुशीनगर। जनशिकायतों के त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण में कुशीनगर पुलिस ने एक बार फिर…
हाटा कुशीनगर । ढाढा स्थित अवध शुगर एंड एनर्जी लिमिटेड की यूनिट- न्यू इंडिया…
कुशीनगर। बहादुरपुर पुलिस चौकी क्षेत्र में सिपाही को ट्रक से कुचलकर जान से मारने…
कुशीनगर। जिले में अवैध खनन और खनन सामग्री के अवैध परिवहन पर शिकंजा कसने…