कुशीनगर। थाना बरवापट्टी के नवागत थानाध्यक्ष उपेंद्र कुमार ने कार्यभार ग्रहण करते ही अपने इरादे स्पष्ट कर दिए हैं। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि थाना क्षेत्र में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी, जबकि पीड़ित और फरियादियों के लिए थाना चौबीसों घंटे खुला रहेगा।
कार्यभार संभालने के बाद थानाध्यक्ष ने थाना परिसर में पुलिसकर्मियों की बैठक लेकर कानून-व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने सभी पुलिसकर्मियों को जनता के साथ संवेदनशील व्यवहार करने, शिकायतों का त्वरित निस्तारण करने और अपराध नियंत्रण को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का निर्देश दिया।
इस संवाददाता से बातचीत में थानाध्यक्ष उपेंद्र कुमार ने कहा कि पुलिस की पहली जिम्मेदारी जनता को न्याय दिलाना है। थाने पर आने वाले प्रत्येक फरियादी की शिकायत को गंभीरता से सुना जाएगा और प्राथमिकता के आधार पर उसका निष्पक्ष एवं समयबद्ध निस्तारण कराया जाएगा, ताकि किसी भी पीड़ित को न्याय के लिए भटकना न पड़े।
उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा उनकी सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। महिलाओं और बालिकाओं के साथ होने वाले उत्पीड़न, छेड़छाड़ अथवा अन्य अपराधों के मामलों में तत्काल मुकदमा दर्ज कर कठोर कार्रवाई की जाएगी। ऐसे मामलों में किसी भी स्तर पर लापरवाही या ढिलाई स्वीकार नहीं होगी।
नवागत थानाध्यक्ष ने यह भी स्पष्ट किया कि थाना क्षेत्र में अवैध गतिविधियों, अपराध और अपराधियों के खिलाफ प्रभावी अभियान चलाया जाएगा। पुलिस पूरी सतर्कता, टीम भावना और पेशेवर तरीके से कार्य करते हुए अपराधियों पर कड़ी निगरानी रखेगी तथा कानून का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करेगी।
थानाध्यक्ष उपेंद्र कुमार ने क्षेत्रवासियों से अपील करते हुए कहा कि सुरक्षित और भयमुक्त समाज के निर्माण में पुलिस के साथ जनता की भागीदारी बेहद महत्वपूर्ण है। यदि कहीं भी कोई संदिग्ध गतिविधि, अपराध या अवैध कार्य दिखाई दे तो उसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें। पुलिस और जनता के आपसी विश्वास एवं सहयोग से ही अपराध पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सकता है।
उन्होंने भरोसा दिलाया कि बरवापट्टी थाना क्षेत्र में कानून का राज कायम रखते हुए आम नागरिकों की सुरक्षा और सम्मान को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी तथा हर पीड़ित को त्वरित न्याय दिलाने का हरसंभव प्रयास किया जाएगा।
हाटा कुशीनगर अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत स्थानीय…
कुशीनगर। सोशल मीडिया पर पाकिस्तान के झंडे के साथ फोटो की स्टोरी लगाना एक…
हाटा कुशीनगर। प्रदेश में डबल इंजन की भाजपा सरकार का नेतृत्व कर रहे प्रदेश…
कुशीनगर। जनपद की पुलिस व्यवस्था में गुरुवार को उस समय बड़ा प्रशासनिक फेरबदल देखने…