कुशीनगर। रविंद्रनगर धूस थाना क्षेत्र में तीन वर्षीय मासूम के अपहरण और फिरौती मांगने के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने अपहृत बच्चे को घटना के महज चार घंटे के भीतर सुरक्षित बरामद कर लिया था, जबकि अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हुआ आरोपी दो दिन बाद पुलिस के हत्थे चढ़ गया। गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है।
घटना के बाद पुलिस अधीक्षक कुशीनगर केशव कुमार ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल मुकदमा दर्ज कराते हुए आरोपी की गिरफ्तारी और बच्चे की सकुशल बरामदगी के लिए पुलिस टीमों को लगाया था। अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ वर्मा एवं क्षेत्राधिकारी सदर राकेश प्रताप सिंह के नेतृत्व में गठित टीमों ने तेजी से कार्रवाई करते हुए महज चार घंटे में मासूम को बरामद कर पुलिस की बड़ी सफलता दर्ज की थी।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त राममिलन यादव पुत्र राधाकृष्ण यादव, निवासी बगहवा, थाना धनहा, जनपद पश्चिमी चम्पारण, बिहार पिछले कई वर्षों से ग्राम सोहनरिया में रह रहा था। गांव में उसका लोगों के घरों में आना-जाना था। वह बच्चों के साथ खेलता और उन्हें खिलाता था, जिसके चलते ग्रामीणों को उस पर भरोसा था।
इसी परिचय और विश्वास का फायदा उठाते हुए आरोपी ने 17 अगस्त की शाम करीब तीन बजे संदीप शर्मा का तीन वर्षीय बच्चा, जो घर के बाहर खेल रहा था, कथित तौर पर अगवा कर लिया। इसके बाद आरोपी ने फोन के माध्यम से बच्चे के पिता संदीप शर्मा से संपर्क कर फिरौती की मांग की।
सूचना मिलते ही रविंद्रनगर धूस पुलिस सक्रिय हो गई। पुलिस टीमों ने तकनीकी साक्ष्यों और अन्य माध्यमों से तेजी से कार्रवाई करते हुए अपहृत बालक को अभियुक्त राममिलन यादव के घर से सुरक्षित बरामद कर लिया। हालांकि पुलिस की भनक लगते ही आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया था।
बच्चे की सकुशल बरामदगी के बाद भी पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश और तलाश जारी रखी। आखिरकार 19 अगस्त 2026 को पुलिस ने राममिलन यादव को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी के पास से अपराध में प्रयुक्त हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल संख्या BR 22 AM 5006 बरामद की है। आरोपी के विरुद्ध अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। इस मामले में थाना रविंद्रनगर धूस में मु0अ0सं0 134/2026, धारा 137(2), 140(2), 351(4) बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है।
अभियुक्त की गिरफ्तारी और घटना के अनावरण में थानाध्यक्ष अनिल कुमार सिंह, उपनिरीक्षक सूर्यभान यादव, सर्विलांस सेल प्रभारी उपनिरीक्षक शन्नी कुमार दुबे, उपनिरीक्षक महेन्द्र यादव, कांस्टेबल राहुल यादव, कांस्टेबल सूरज वर्मा एवं कांस्टेबल विशाल यादव शामिल रहे।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई से जहां अपहृत मासूम को महज चार घंटे में सकुशल उसके परिवार तक पहुंचाया गया, वहीं फरार आरोपी को भी दो दिन के भीतर गिरफ्तार कर मामले का पटाक्षेप कर दिया गया।
कुशीनगर। बाबा बैद्यनाथ धाम, देवघर से दर्शन कर अपने घर चौरीचौरा, गोरखपुर लौट रहे…
हाटा (कुशीनगर) । कोतवाली क्षेत्र के सकरौली गांव में मंगलवार को उस समय अफरा-तफरी…
कुशीनगर। अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पटहेरवा पुलिस…
कुशीनगर। पुलिस अधीक्षक केशव कुमार के निर्देशन में सोमवार को अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ…