गोरखपुर। रेलवे स्टेशन और चलती ट्रेनों में यात्रियों के सामान पर हाथ साफ करने वाले एक शातिर चोर को जीआरपी गोरखपुर ने गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी के कब्जे से चोरी का एक एंड्रॉयड मोबाइल और 2,200 रुपये नकद बरामद हुए हैं। बरामद मोबाइल की कीमत करीब 32 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने करीब दो माह पूर्व चलती ट्रेन में एक यात्री का मोबाइल चोरी किया था, जबकि डोमिनगढ़ रेलवे स्टेशन के पास ट्रेन में सफर कर रही एक महिला का पर्स भी पार कर दिया था।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक रेलवे अनुभाग गोरखपुर लक्ष्मी निवास मिश्र (आईपीएस) तथा पुलिस उपाधीक्षक रेलवे अशोक कुमार सिंह के निर्देशन में रेलवे स्टेशनों और ट्रेनों में चोरी एवं लूट की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में प्रभारी निरीक्षक अनुज कुमार सिंह के नेतृत्व में जीआरपी की टीम रेलवे स्टेशन पर संदिग्धों की निगरानी कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर शुक्रवार, 20 नवंबर को प्लेटफार्म नंबर एक के पश्चिमी छोर पर नेम बोर्ड के पास घेराबंदी कर एक संदिग्ध युवक को गिरफ्तार कर लिया गया।
पकड़े गए युवक की पहचान अली असगर (22) पुत्र अब्दुल अजीज निवासी नकहा नंबर एक, जामिया नगर, थाना गोरखनाथ, जनपद गोरखपुर के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके पास से एक चोरी का एंड्रॉयड मोबाइल और 2,200 रुपये नकद बरामद किए गए।
जीआरपी के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि करीब दो माह पूर्व उसने अपने एक साथी के साथ चलती ट्रेन में एक यात्री का मोबाइल चोरी किया था। बाद में साथी ने उसे मोबाइल बेचने के लिए दिया था। इस मोबाइल के संबंध में जीआरपी थाने में मु0अ0सं0 160/2026 के तहत धारा 305(सी) बीएनएस एवं 66(डी) आईटी एक्ट में मुकदमा दर्ज है। वहीं, आरोपी ने डोमिनगढ़ रेलवे स्टेशन के पास ट्रेन में सफर कर रही एक महिला यात्री का पर्स चोरी करने की बात भी कबूल की। पर्स में जेवरात और नकदी थी। आरोपी के अनुसार, जेवर बेचने से मिली रकम में से बचे 2,200 रुपये उसके पास मौजूद थे। इस मामले में जीआरपी थाने में मु0अ0सं0 185/2026 धारा 305(सी) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज है। बरामदगी के आधार पर दोनों मामलों में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है।
गिरफ्तार आरोपी का आपराधिक इतिहास भी रहा है। उसके विरुद्ध वर्ष 2019 में कैंट थाने में धोखाधड़ी और कूटरचना से संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज था। इसके अतिरिक्त जीआरपी गोरखपुर में चोरी के दो मुकदमे भी दर्ज हैं। आरोपी ने पूछताछ में रेलवे स्टेशन और गोरखनाथ थाना क्षेत्र में चोरी की घटनाओं को अंजाम देने तथा चोरी का सामान राह चलते लोगों को बेचकर अपना खर्च चलाने की बात बताई। पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जिला कारागार भेज दिया गया।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक अनुज कुमार सिंह, उपनिरीक्षक अजीत प्रताप सिंह, उपनिरीक्षक विनोद कुमार, मुख्य आरक्षी गुरुप्रसाद कन्नौजिया, मुख्य आरक्षी पंकज सिंह, आरक्षी विपिन यादव एवं आरक्षी रणजीत यादव शामिल रहे।
