कुशीनगर। तमकुहीराज पुलिस ने कथित चोरी की एक ऐसी घटना का महज 24 घंटे के भीतर पर्दाफाश किया है, जिसकी जांच में चोरी की कहानी ही मनगढ़ंत निकली। घर में रखे बक्से से सोने-चांदी के जेवरात और नकदी चोरी होने की सूचना पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी। लेकिन घटनास्थल के निरीक्षण, परिवार के सदस्यों से पूछताछ और गहन छानबीन में चौंकाने वाले तथ्य सामने आए। जांच में न तो बक्से का ताला टूटा मिला और न ही चोरी की पुष्टि हुई। पुलिस के मुताबिक, शिकायतकर्ता महिला द्वारा दी गई चोरी की सूचना फर्जी पाई गई।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, बीते 10 नवंबर 2026 को थाना तमकुहीराज क्षेत्र के गाजीपुर खोचा टोला निवासी सविता देवी पत्नी मनोज कुशवाहा ने घर में चोरी होने की तहरीर दी थी। महिला ने अज्ञात चोरों पर घर में रखी पेटी तोड़कर सोने का हार, चार जोड़ी पायल, मंगलसूत्र, सोने की अंगूठी, कान की झुमकी, नाक की कील और दो हजार रुपये नकद चोरी करने का आरोप लगाया था। इस आधार पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
विवेचना के दौरान पुलिस टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। मौके पर रखे बक्सों और पेटियों की जांच की गई तो किसी का भी ताला टूटा हुआ नहीं मिला। वहीं, परिवार के अन्य सदस्यों से पूछताछ करने पर उनके बयानों में भी भिन्नता सामने आई। इन परिस्थितियों ने पुलिस को कथित चोरी की घटना पर संदेह करने के लिए मजबूर कर दिया। इसके बाद पुलिस ने अलग-अलग तरीके से पूछताछ और गहन जांच की तो कथित चोरी की कहानी की परतें खुलने लगीं। जांच में पता चला कि महिला ने अपने कुछ जेवरात तमकुही रोड स्थित स्वर्णनगर निवासी सोनार भरत वर्मा पुत्र स्वर्गीय जमुना राम, थाना सेवरही के यहां गिरवी रखे थे। इनमें सोने का हार अभी भी गिरवी रखा हुआ था, जबकि करीब 15 दिन पहले महिला अपनी सोने की चेन वहां से छुड़ाकर ले आई थी।
पुलिस ने जब महिला के बक्से की विधिवत तलाशी ली तो सोने की चेन और दो हजार रुपये नकद एक झोले में सुरक्षित रखे मिले। इस संबंध में महिला से पूछताछ की गई, लेकिन वह कोई स्पष्ट जवाब नहीं दे सकी। जांच में शिकायत में बताए गए सामान की चोरी होने की पुष्टि नहीं हुई।
क्या कहते है थानाध्यक्ष तमकुहीराज .!
इस विषय में इस संवाददाता को थानाध्यक्ष तमकुहीराज चंद्रभान सिंह ने बताया कि घर में चोरी की पूरी कहानी मनगढ़ंत थी। इस प्रकार तमकुहीराज पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर कथित चोरी की सूचना का सफल अनावरण कर मामले का पटाक्षेप कर दिया। इस घटना ने पुलिस की जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर फर्जी शिकायतों के मामलों को लेकर भी सवाल खड़े किए हैं।
हाटा, कुशीनगर। स्थानीय तहसील क्षेत्र के सुभाष इंटर कॉलेज बेंदूपार में मतदाता जागरूकता अभियान…
हाटा, कुशीनगर। स्थानीय तहसील के निकटवर्ती ग्राम पंचायत पोखरभिंडा में स्थित नहर का पुल…
कुशीनगर। जनपद के ग्राम सभा शिवपुर बुजुर्ग में संचालित मदरसा वकील वारसी पब्लिक स्कूल…
कुशीनगर। जनपद में अपराध और आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के साथ ही…