हाटा, कुशीनगर। आगामी 10 सितंबर को होने वाले डोल मेले को लेकर सोमवार को हाटा थाना परिसर में प्रशासन और डोल समितियों की बैठक हुई। बैठक में अधिकारियों ने आयोजन समितियों को धार्मिक मर्यादा और शासन के दिशा-निर्देशों का पालन करने की सख्त हिदायत दी। स्पष्ट किया गया कि मेले में अश्लील गीत, नृत्य और ऐसा कोई कार्यक्रम नहीं होगा, जिससे किसी धर्म या समुदाय की धार्मिक भावनाएं आहत हों।
सीओ डॉ. अजय कुमार सिंह ने कहा कि डोल मेला धार्मिक आयोजन है, इसलिए सभी समितियां नियमों का पालन करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि माही-मनीषा का कार्यक्रम नहीं होगा और किसी भी तरह का आर्केस्ट्रा डांस आयोजित नहीं किया जाएगा। मानक के विपरीत डीजे बजाने अथवा उसकी ऊंचाई बढ़ाने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि पुलिस का उद्देश्य धार्मिक आयोजन में अनावश्यक हस्तक्षेप करना नहीं है। शांतिपूर्ण आयोजन के लिए पुलिस मौजूद रहेगी और किसी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए स्पेशल फोर्स तैनात रहेगी।
उपजिलाधिकारी योगेश्वर सिंह ने कहा कि धार्मिक त्योहारों को धार्मिक तरीके से मनाया जाए। डीजे की तेज आवाज से लोगों को परेशानी होती है, इसलिए निर्धारित मानक के अनुरूप ही ध्वनि रखी जाए। उन्होंने सभी से भाईचारे और आपसी सौहार्द के साथ पर्व मनाने की अपील की।
थाना प्रभारी दीपक सिंह ने कहा कि पुलिस प्रशासन डोल मेला शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रतिबद्ध है। शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन सभी को करना होगा, अन्यथा उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में एसएसआई मनोज कुमार यादव, कस्बा चौकी इंचार्ज कमलेंद्र सिंह, नगर पालिका के बड़े बाबू रमाशंकर गुप्ता, अजय राव तथा डोल समिति के दीपक गिरी, धर्मपाल सिंह, सचिन गुप्ता, गोलू जायसवाल, विशाल, सुशील समेत विभिन्न समितियों के सदस्य मौजूद रहे।
दैनिक उपयोग की वस्तुओं की कीमतों में बेतहाशा वृद्धि, उपभोक्ताओं में नाराजगी जमाखोरी और…
गोरखपुर। पुलिस की वर्दी का नाम सुनते ही आम आदमी के मन में अक्सर…
खड्डा, कुशीनगर। आईपीएल चीनी मिल खड्डा द्वारा मुख्यालय के निर्देश पर वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम…
सामान्यत: माइलेज की कमी और इंजन का जल्दी ख़राब होना ऐसा कहना है वाहन…