खड्डा, कुशीनगर। मुख्य पश्चिमी गंडक नहर पर बनी झुलनीपुर-पडरौना टू-लेन सड़क की पटरियां इन दिनों झाड़ियों और बड़े-बड़े नरकट से पट गई हैं। कई स्थानों पर सड़क की दोनों पटरियां झाड़ियों से ढक जाने के कारण सड़क संकरी हो गई है। इससे तेज रफ्तार वाहनों के बीच दोपहिया वाहन चालकों और राहगीरों के लिए दुर्घटना का खतरा बढ़ गया है। ग्रामीणों के मुताबिक इस मार्ग पर आए दिन छोटी-बड़ी दुर्घटनाएं हो रही हैं।
सड़क बेहतर होने के कारण इस मार्ग पर दिन-रात वाहनों का आवागमन रहता है और वाहन तेज रफ्तार से चलते हैं। ऐसे में अचानक सड़क पर छुट्टा पशु आ जाने अथवा सामने से वाहन आने पर झाड़ियों से घिरी पटरियों के कारण बचने की जगह नहीं मिलती। कई जगह दोनों ओर नरकट फैल जाने से वाहन सड़क के बीच से निकलने को मजबूर हैं। इससे दोपहिया वाहन चालकों के दुर्घटनाग्रस्त होने की आशंका बनी रहती है।
चौराहों और गांवों के संकेतक भी झाड़ियों में छिपे खड्डा और नेबुआ नौरंगिया थाना क्षेत्र में पड़ने वाले चतुर छपरा, गुलरिहा रेगुलेटर के आगे कोहरगड्डी, बंधूछपरा, ढोलहा रेगुलेटर, नन्दन छपरा, खैरटिया, सिगहा रेगुलेटर, रोआंरी सेखुईं, परगनछपरा समेत कई स्थानों पर सड़क किनारे झाड़ियां बेतरतीब ढंग से उग आई हैं।
गांवों और प्रमुख स्थानों की पहचान के लिए लगाए गए संकेतक भी कई जगह झाड़ियों में छिप गए हैं, जिससे बाहर से आने वाले वाहन चालकों को रास्ते की पहचान करने में परेशानी हो रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि झुलनीपुर से पडरौना तक सुगम आवागमन के लिए इस महत्वपूर्ण टू-लेन सड़क का निर्माण कराया गया था। लेकिन नियमित साफ-सफाई और रखरखाव के अभाव में सड़क की दोनों पटरियां झाड़ियों की चपेट में आ गई हैं। कई स्थानों पर पटरियां क्षतिग्रस्त भी हो गई हैं। बरसात के बाद सड़क किनारे उगी झाड़ियों की कटाई और सफाई कराने की जिम्मेदारी संबंधित विभाग, कार्यदायी संस्था अथवा ठेकेदार की होती है, लेकिन समय से सफाई नहीं होने से समस्या लगातार बढ़ रही है।
क्षेत्रीय लोगों ने संबंधित विभाग से सड़क की दोनों पटरियों से झाड़ियों और नरकट की तत्काल सफाई कराने, क्षतिग्रस्त पटरियों की मरम्मत तथा गायब अथवा झाड़ियों में छिपे संकेतकों को दुरुस्त कराने की मांग की है, ताकि इस प्रमुख मार्ग पर आवागमन सुरक्षित हो सके।
1 लाख नकद समेत करीब ₹10 लाख के सोने-चांदी के आभूषण ले गए चोर,…
कुशीनगर । अदम्य साहस, कर्तव्यनिष्ठा और जोखिम उठाकर जिम्मेदारी निभाने वाले पुलिसकर्मियों के सम्मान…
दो दिन में जलभराव और गड्ढों को दुरुस्त करने का एसडीएम ने दिया निर्देश…
बाढ़ पीड़ितों के बीच पहुंचे कैबिनेट मंत्री, बांटी राहत सामग्री; बोले—संकट की घड़ी में…