कुशीनगर। (सुरेन्द्र/वेद मिश्र) जिले के हाटा कोतवाली क्षेत्र के बाघनाथ तिराहे पर शनिवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब प्रेमी से शादी करने की मांग को लेकर 21 वर्षीय युवती उसके घर पहुंच गई। देखते ही देखते युवती मकान की छत पर चढ़ गई और शादी न होने पर छत से कूदकर जान देने तथा हाथ की नस काटने की धमकी देने लगी। युवती के इस कदम से इलाके में हड़कंप मच गया। मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद युवती को समझा-बुझाकर सुरक्षित नीचे उतारा।
मिली जानकारी के अनुसार, युवती हाटा नगर के वार्ड नंबर एक परागपुर में अपने मामा के घर रह रही है। कुछ समय पहले हाटा में खरीदारी के दौरान उसकी मुलाकात बाघनाथ तिराहे पर कपड़े का कारोबार करने वाले एक व्यापारी के बेटे से हुई थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और उनके बीच प्रेम संबंध स्थापित हो गया। युवती का आरोप है कि युवक ने उससे शादी करने का भरोसा दिया था। लेकिन जब उसने शादी की बात उठाई तो युवक कथित तौर पर पीछे हटने लगा। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद बढ़ता गया।
मामले ने उस समय कानूनी रूप ले लिया, जब करीब दो सप्ताह पहले युवती की तहरीर पर पुलिस ने युवक के खिलाफ शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की थी। हालांकि, बाद में युवती न्यायालय में पेश हुई और उसने अपनी इच्छा से प्रेमी के साथ रहने की बात कही थी। इस प्रकरण में न्यायालय की ओर से पुलिसकर्मियों को फटकार लगाए जाने की बात भी सामने आई थी।
इसी बीच शनिवार अपराह्न युवती अचानक प्रेमी के घर पहुंच गई और शादी करने की मांग करने लगी। कुछ ही देर में वह मकान की छत पर चढ़ गई। वहां से कूदने और हाथ की नस काटकर जान देने की धमकी देने लगी। युवती की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर जुट गए। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए परिजनों में भी बेचैनी बढ़ गई।
सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी कमलेंद्र सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने युवती को काफी देर तक समझाया और उसे सुरक्षित नीचे उतार लिया। इसके बाद युवती को अपने साथ थाने ले गई।
इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि युवक और युवती दोनों को थाने बुलाया गया है। प्रकरण की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
मंगलसूत्र, चांदी जैसी सफेद धातु की पायल और 1700 रुपये नकद बरामद हाटा (कुशीनगर)।…
हाटा, कुशीनगर।स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के गांव पोखरभिंडा में एक दर्दनाक हादसा हो गया। कपड़ा…
कुशीनगर। राष्ट्रीय राजमार्ग-27 के सलेमगढ़ चौराहे पर निर्माणाधीन ओवरब्रिज के चलते पैदा हुई जाम…
कुशीनगर। सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के नाम पर रिश्वत मांगने के आरोप में…