कुशीनगर। बाइक चोरी करने का शातिराना अंदाज भी निराला था। अपनी मोटरसाइकिल से रामजानकी घाट पहुंचते और वहां खड़ी बाइकों के लॉक में अलग-अलग चाबियां लगाकर उन्हें खोलने की कोशिश करते थे। जिस बाइक का लॉक खुल जाता, उसे लेकर पीछे के रास्ते से चंपत हो जाते थे। इसके बाद रात के अंधेरे में चोरी की बाइक की नंबर प्लेट बदलकर उसे सीमावर्ती जिले में बेचने की तैयारी करते थे। लेकिन उनकी यह चालाकी ज्यादा दिनों तक नहीं चल सकी। कप्तानगंज पुलिस ने चोरी की घटना के महज 48 घंटे के भीतर दो शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार कर पूरे मामले का पर्दाफाश कर दिया।
पुलिस के अनुसार, जनपद में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के क्रम में मंगलवार, 10 नवंबर 2026 को थाना कप्तानगंज पुलिस ने मु0अ0सं0 425/2026 से संबंधित चोरी की मोटरसाइकिल के साथ दो आरोपितों को गिरफ्तार किया। पकड़े गए आरोपितों की पहचान अरमान पुत्र रियासत अली निवासी वार्ड नंबर-09 वीर अब्दुल हमीद नगर तथा अफरोज पुत्र शम्सुद्दीन उर्फ सोदीन निवासी वार्ड नंबर-10 शिवनगर, थाना कप्तानगंज, जनपद कुशीनगर के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपित अपनी मोटरसाइकिल से रामजानकी घाट पहुंचते थे और पीछे के रास्ते से जाकर वहां खड़ी मोटरसाइकिलों को निशाना बनाते थे। अलग-अलग चाबियां लगाकर बाइक का लॉक खोलने का प्रयास करते थे। जिस बाइक का लॉक खुल जाता, उसे लेकर पीछे के रास्ते से फरार हो जाते थे। चोरी की मोटरसाइकिलों की पहचान छिपाने के लिए रात में उनकी नंबर प्लेट बदल देते थे और बाद में उन्हें सीमावर्ती जिले में बेच देते थे। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपितों के कब्जे से एक चोरी की हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल, एक कूटरचित नंबर प्लेट (UP57AK2601) तथा घटना में प्रयुक्त बिना नंबर प्लेट की बजाज डिस्कवर मोटरसाइकिल बरामद की है। इस कार्रवाई से पुलिस ने बाइक चोरी की वारदात में इस्तेमाल किए जा रहे तरीके का भी खुलासा किया है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अरमान के विरुद्ध थाना कप्तानगंज में मुकदमा संख्या 608/2025, धारा 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत पहले से मुकदमा दर्ज है। वहीं, अफरोज के विरुद्ध मुकदमा संख्या 393/2025, धारा 74 एवं 115(2) बीएनएस के तहत आपराधिक मामला दर्ज है। इस मामले में थाना कप्तानगंज पर मु0अ0सं0 425/2026 के तहत धारा 303(2), 317(2) एवं 341(2) बीएनएस में अभियोग पंजीकृत है। गिरफ्तार दोनों आरोपितों के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
बता दे कि इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष धीरेन्द्र कुमार राय के नेतृत्व में उपनिरीक्षक सचिन दिवाकर, उपनिरीक्षक कुलदीप मौर्य, हेड कांस्टेबल बृजेश राय, कांस्टेबल अभिषेक सिंह, कांस्टेबल मुकेश यादव एवं रिजर्व कांस्टेबल विशाल राय शामिल रहे।
हाटा, कुशीनगर। हाटा कोतवाली पुलिस ने देवराजपुर में हुए प्राणघातक हमले के मामले में…
मथौली बाजार कुशीनगर, हाटा कोतवाली क्षेत्र के विकास खण्ड मोतीचक अन्तर्गत ग्राम सभा देवराजपुर…
कुशीनगर। जनपद कुशीनगर से बिहार की ओर पेट्रोल या डीजल के अवैध परिवहन की…
चतुरछपरा नहर पुल के समीप सोमवार की सायं भीषण सड़क हादसा बाइक सवार एक…