बाढ़ पीड़ितों के बीच पहुंचे कैबिनेट मंत्री, बांटी राहत सामग्री; बोले—संकट की घड़ी में सरकार पूरी मजबूती से आपके साथ
कुशीनगर। नारायणी नदी के बढ़ते जलस्तर और एपी तटबंध के टूटने से तमकुहीराज क्षेत्र में पैदा हुए बाढ़ के संकट के बीच गुरुवार को मत्स्य विभाग के कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय निषाद चैनपट्टी के ततवा टोले पहुंचे। उन्होंने टूटे तटबंध का स्थलीय निरीक्षण कर मौके पर चल रहे बचाव एवं मरम्मत कार्यों का जायजा लिया। अधिकारियों से तटबंध की मौजूदा स्थिति और पानी के प्रभाव की जानकारी लेने के बाद मंत्री ने क्षतिग्रस्त हिस्से को युद्धस्तर पर बंद कराकर आसपास के गांवों में पानी का फैलाव रोकने के निर्देश दिए।
मंत्री के मौके पर पहुंचते ही अधिकारियों एवं संबंधित विभागों के कर्मचारियों में भी सक्रियता बढ़ी। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि तटबंध को मजबूत करने के लिए आवश्यक संसाधनों की तत्काल व्यवस्था की जाए और मरम्मत कार्य में किसी भी स्तर पर ढिलाई न बरती जाए। उन्होंने तटबंध के साथ ही आसपास के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की लगातार निगरानी रखने को कहा, ताकि स्थिति बिगड़ने पर तत्काल बचाव कार्य शुरू किया जा सके।
जानकारी रहे कि तटबंध के निरीक्षण के बाद डॉ. संजय निषाद ने चैनपट्टी ततवा टोले में बाढ़ प्रभावित परिवारों से मुलाकात की। उन्होंने ग्रामीणों के बीच पहुंचकर उनका हाल जाना और राहत सामग्री वितरित की। इस दौरान ग्रामीणों ने बाढ़ से उत्पन्न परेशानियों और राहत से जुड़ी समस्याओं को सीधे मंत्री के सामने रखा।
ग्रामीणों की समस्याएं सुनते हुए मंत्री ने उन्हें भरोसा दिलाया कि संकट की इस घड़ी में सरकार उनके साथ खड़ी है। उन्होंने कहा, “हम आ गए हैं, अब आपकी समस्याएं दूर होंगी। सरकार आप सभी के साथ पूरी तरह खड़ी है।”
मंत्री के सामने अपनी समस्याएं रखने पहुंचे ग्रामीणों में राहत मिलने की उम्मीद भी नजर आई। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रभावित परिवारों की जरूरतों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए।
निरीक्षण के दौरान मंत्री ने राहत सामग्री वितरण की भी जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि बाढ़ प्रभावित परिवारों की सूची को दोबारा जांचते हुए यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई पात्र परिवार राहत सामग्री से वंचित न रह जाए। उन्होंने कहा कि जिन परिवारों तक अभी राशन सामग्री नहीं पहुंच सकी है, उन्हें जल्द से जल्द राशन उपलब्ध कराया जाए। इसके साथ ही बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में पका-पकाया भोजन उपलब्ध कराने की व्यवस्था को भी सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए। कैबिनेट मंत्री ने अधिकारियों से कहा कि मौजूदा हालात में सबसे बड़ी प्राथमिकता बाढ़ प्रभावित लोगों की सुरक्षा है। प्रभावित परिवारों तक समय से भोजन, राशन और अन्य जरूरी राहत पहुंचाने के साथ ही क्षतिग्रस्त तटबंध को जल्द से जल्द दुरुस्त किया जाना जरूरी है।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि टूटे हिस्से पर चल रहे कार्य की लगातार निगरानी की जाए और उपलब्ध संसाधनों का अधिकतम उपयोग करते हुए तटबंध को मजबूत किया जाए। साथ ही बाढ़ प्रभावित गांवों में प्रशासनिक अमले की मौजूदगी बनाए रखने और जरूरतमंदों तक तत्काल सहायता पहुंचाने को कहा।
मंत्री ने ग्रामीणों से भी अपील की कि बाढ़ या राहत से जुड़ी किसी भी समस्या की सूचना तत्काल प्रशासन को दें। उन्होंने भरोसा दिलाया कि प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के लिए सरकार और प्रशासन पूरी तरह सक्रिय है।
इस दौरान क्षेत्रीय सांसद शंशाक मणि त्रिपाठी,स्थानीय विधायक तमकुहीराज डाक्टर असीम कुमार ,निषाद पार्टी के जिलाध्यक्ष, अपर जिला अधिकारी कुशीनगर पवन कुमार,अपर पुलिस अधीक्षक कुशीनगर सिद्धार्थ वर्मा,उप जिला अधिकार तमकुहीराज ,क्षेत्राधिकारी तमकुहीराज जयंत कुमार मौजूद रहे।
दो दिन में जलभराव और गड्ढों को दुरुस्त करने का एसडीएम ने दिया निर्देश…
हाटा, कुशीनगर। तहसील परिसर में गुरुवार को उस समय मानवीय संवेदनशीलता की मिसाल देखने…
कुशीनगर। बाढ़ की विभीषिका के बीच तमकुहीराज तहसील प्रशासन प्रभावित परिवारों के लिए सहारा…
कहीं राहत का राशन, कहीं ढांढस के बोल… तटबंध की निगरानी के साथ पीड़ितों…