हाटा, कुशीनगर। हाटा में एनएचएआई की ओर से कराए जा रहे ओवरब्रिज निर्माण के बीच बगल की सर्विस लेन की बदहाल स्थिति राहगीरों के लिए परेशानी का सबब बनी हुई है। निर्माण कार्य के कारण सर्विस लेन पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं। कई स्थानों पर पानी जमा होने से सड़क और गड्ढों का अंदाजा लगाना भी मुश्किल हो रहा है। गुरुवार को सर्विस लेन की इसी स्थिति का जायजा लेने विधायक मोहन वर्मा मौके पर पहुंचे। उनके साथ ज्वाइंट मजिस्ट्रेट/उपजिलाधिकारी आईएएस मयंक त्रिपाठी भी मौजूद रहे।
विधायक ने मौके पर सर्विस लेन की स्थिति देखी और निर्माण कार्य के चलते आम लोगों को हो रही परेशानी की जानकारी ली। विधायक के निरीक्षण के बाद एसडीएम मयंक त्रिपाठी और तहसीलदार जया सिंह भी मौके पर रुके रहे और सड़क की स्थिति का बारीकी से निरीक्षण करने लगे। इसी दौरान अचानक एक ऑटो सड़क पर बने बड़े गड्ढे में चला गया और पलट गया।
ऑटो पलटते ही मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि गनीमत रही कि हादसे में किसी को गंभीर चोट नहीं आई। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों के सामने ही ऑटो के गड्ढे में पलटने की घटना ने सर्विस लेन की बदहाल स्थिति को उजागर कर दिया। इसके बाद प्रशासन ने मामले को तत्काल गंभीरता से लिया।
एसडीएम ने मौके से ही नगर पालिका की अधिशासी अधिकारी मीनू सिंह को बुलाया और संबंधित एनएचएआई अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि सड़क पर जमा पानी की समस्या को तत्काल दूर कराया जाए। साथ ही सर्विस लेन पर जहां भी बड़े गड्ढे हैं, उन्हें भरकर सड़क को समतल कराया जाए, ताकि वाहनों के आवागमन में किसी तरह की परेशानी न हो।
एसडीएम ने अधिकारियों को दो दिन के भीतर सड़क पर जमा पानी खत्म कराने तथा गड्ढों को दुरुस्त कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ओवरब्रिज का निर्माण कार्य अपनी जगह है, लेकिन निर्माण के कारण आम जनता को आवागमन में परेशानी नहीं होनी चाहिए। सड़क को सुरक्षित और चलने योग्य रखना संबंधित एजेंसियों की जिम्मेदारी है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सर्विस लेन पर बने गड्ढों और जलभराव के कारण छोटे-बड़े वाहनों को निकलने में काफी दिक्कत होती है। विशेषकर पानी भरे गड्ढों में सड़क की वास्तविक स्थिति दिखाई नहीं देने से दुर्घटना का खतरा बना रहता है।
निरीक्षण के दौरान ऑटो पलटने की घटना के बाद प्रशासन ने सड़क की स्थिति सुधारने को लेकर सख्त रुख अपनाया है। अब अधिकारियों के निर्देश के बाद लोगों की नजर इस बात पर है कि निर्धारित दो दिनों में सर्विस लेन की समस्या कितनी दूर होती है।
बाढ़ पीड़ितों के बीच पहुंचे कैबिनेट मंत्री, बांटी राहत सामग्री; बोले—संकट की घड़ी में…
हाटा, कुशीनगर। तहसील परिसर में गुरुवार को उस समय मानवीय संवेदनशीलता की मिसाल देखने…
कुशीनगर। बाढ़ की विभीषिका के बीच तमकुहीराज तहसील प्रशासन प्रभावित परिवारों के लिए सहारा…
कहीं राहत का राशन, कहीं ढांढस के बोल… तटबंध की निगरानी के साथ पीड़ितों…