कुशीनगर। जिले में गोवंशीय पशुओं की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई के दौरान सोमवार देर रात रामकोला थाना क्षेत्र में पुलिस और पशु तस्करों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस के मुताबिक, घेराबंदी के दौरान आरोपियों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से गोली चलाई। जवाबी कार्रवाई में सदरे आलम उर्फ छोटू के पैर में गोली लग गई। पुलिस ने उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया, जबकि मौके से फरार हुए दूसरे आरोपी अली खान को भी कुछ दूरी पर दबोच लिया। दोनों आरोपी पडरौना कोतवाली क्षेत्र के हरिहर छपरा गांव के रहने वाले हैं।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से .315 बोर का एक अवैध तमंचा, एक खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस, बोलेरो वाहन, 1,856 रुपये नकद और एक बछड़ा बरामद किया है। घायल आरोपी को पुलिस अभिरक्षा में उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार सदरे आलम के खिलाफ चोरी, गोवध निवारण अधिनियम, पशु क्रूरता, आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर एक्ट समेत विभिन्न मामलों में पहले से मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस के अनुसार, सोमवार रात वायरलेस सेट के माध्यम से सूचना मिली कि एक बोलेरो वाहन रगड़गंज बैरियर तोड़कर भाग रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक केशव कुमार के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ वर्मा के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी खड्डा अजय कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में पुलिस टीमें सक्रिय हो गईं। रामकोला थाना पुलिस, पडरौना कोतवाली पुलिस और स्वाट टीम की संयुक्त टीम ने धर्मसमदा मंदिर के पास घेराबंदी कर वाहनों की जांच शुरू कर दी। इसी दौरान संदिग्ध बोलेरो पहुंची। पुलिस टीम ने वाहन रोकने का प्रयास किया तो उसमें सवार आरोपियों ने भागने की कोशिश की। पुलिस का आरोप है कि इसी दौरान एक आरोपी ने निशाना साधकर पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।
इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें सदरे आलम उर्फ छोटू के पैर में गोली लगी। उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया। घटना के दौरान फरार हुए दूसरे आरोपी अली खान की तलाश की गई और घटनास्थल से कुछ दूरी पर उसे भी गिरफ्तार कर लिया गया।
यहां बताना चाहूंगा कि पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर बताया कि वे कई वर्षों से गोवंशीय पशुओं की तस्करी कर रहे थे। पुलिस की निगरानी और लगातार कार्रवाई से बचने के लिए उन्होंने पिकअप वाहन से तस्करी करना छोड़ दिया था। इसके बाद बोलेरो की बीच और पीछे की सीटें हटाकर उसमें गोवंशीय पशुओं को लादने लगे, ताकि वाहन सामान्य सवारी गाड़ी जैसा दिखाई दे और पुलिस को शक न हो। पुलिस अब आरोपियों के आपराधिक नेटवर्क और तस्करी से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
पुलिस के मुताबिक, सदरे आलम उर्फ छोटू का आपराधिक इतिहास लंबा है। उसके खिलाफ कुशीनगर और गोरखपुर के विभिन्न थानों में चोरी, मारपीट, धमकी, गोवंशीय पशुओं की तस्करी, अवैध हथियार और गैंगस्टर एक्ट से संबंधित कई मुकदमे दर्ज हैं। इनमें कप्तानगंज थाने के गैंगस्टर एक्ट के मामले भी शामिल हैं।
वहीं, दूसरे आरोपी अली खान के खिलाफ पडरौना कोतवाली में मारपीट और धमकी से संबंधित पूर्व मुकदमा दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है।
इस मामले में रामकोला थाने में मुकदमा अपराध संख्या 564/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 109, गोवध निवारण अधिनियम की धारा 3/5ए/8, पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की धारा 11 और आयुध अधिनियम की धारा 3/25 में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपियों के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई में जुटी है।
जानकारी रहे कि इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली पडरौना ओमप्रकाश तिवारी, स्वाट टीम प्रभारी उपनिरीक्षक दीपक सिंह, रामकोला थानाध्यक्ष स्वतंत्र कुमार सिंह, वरिष्ठ उपनिरीक्षक श्यामलाल निषाद, उपनिरीक्षक सुशील चौरसिया, साहबलाल यादव, नागेंद्र चौहान और श्रवण कुमार समेत रामकोला थाने के अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।
मांगलिक कार्यक्रम से लौट रहा था परिवार, हाटा कोतवाली के थरुआडीह के पास हुआ…
हाटा, कुशीनगर। दीपावली और छठ पर्व को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने…
मंगलसूत्र, चांदी जैसी सफेद धातु की पायल और 1700 रुपये नकद बरामद हाटा (कुशीनगर)।…
हाटा, कुशीनगर।स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के गांव पोखरभिंडा में एक दर्दनाक हादसा हो गया। कपड़ा…