कुशीनगर। तुर्कपट्टी थाना क्षेत्र के सपही टड़वा गांव में शुक्रवार की देर शाम पुरानी रंजिश ने खूनी रूप ले लिया। चार युवकों ने दो युवकों पर चाकू से हमला कर दिया। अचानक हुई चाकूबाजी की वारदात से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हमले में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। उपचार के लिए ले जाते समय एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरे घायल का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है और उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की पांच टीमें गठित कर संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार 18 सितंबर की शाम करीब 7:10 बजे पुलिस को सूचना मिली कि सपही टड़वा में पुरानी रंजिश को लेकर नीरज पटेल पुत्र बुधई पटेल निवासी सपही टड़वा थाना तुर्कपट्टी तथा उनके मित्र रोहित खरवार पुत्र सुरेंद्र खरवार निवासी हाटा धुरिया थाना सेवरही, उम्र करीब 24 वर्ष पर चाकू से हमला कर दिया गया है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया कि घटना के पीछे करीब छह-सात माह पुरानी रंजिश बताई जा रही है।
बताया जा रहा है कि करीब छह-सात माह पूर्व अजय निषाद और रंजन खरवार द्वारा सेवरही थाना क्षेत्र स्थित एक कृषि फर्म के गार्ड के साथ मारपीट की गई थी। इस मामले में घायल नीरज पटेल प्रत्यक्षदर्शी था। गार्ड की ओर से सेवरही थाने में प्रार्थनापत्र दिए जाने के बाद आरोपियों को संदेह था कि नीरज ने ही गार्ड को उनका नाम-पता और अन्य जानकारी उपलब्ध कराई थी। इसी बात को लेकर नीरज से पहले भी मारपीट किए जाने की बात सामने आई है। इस संबंध में नीरज पटेल ने 17 सितंबर 2026 को थाना सेवरही में प्रार्थनापत्र भी दिया था। पुलिस अब इस पुराने विवाद और शुक्रवार शाम हुई चाकूबाजी के बीच संबंधों की जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार, शुक्रवार शाम हुए हमले में नीरज पटेल गंभीर रूप से घायल हुए हैं और उनका उपचार जिला अस्पताल में चल रहा है। वहीं, रोहित खरवार की उपचार के लिए ले जाते समय मौत हो गई। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
घटना में अजय निषाद पुत्र उमेश निषाद, रंजन खरवार पुत्र मंजेश खरवार निवासी बभनौली थाना सेवरही तथा आदित्य आर्या पुत्र श्यामसुंदर आर्य और विकास आर्या पुत्र जियन आर्या निवासी बरवा राजापाकड़ थाना तुर्कपट्टी के नाम सामने आए हैं। पुलिस सभी आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
पांच टीमों ने संभाला मोर्चा, गिरफ्तारी के लिए ताबड़तोड़ दबिश
बोले क्षेत्राधिकारी सदर राकेश प्रताप सिंह..!
क्षेत्राधिकारी पडरौना सदर राकेश प्रताप सिंह ने बताया कि सपही टड़वा में पुरानी रंजिश को लेकर दो युवकों पर चाकू से हमला किए जाने की सूचना मिली थी। एक घायल युवक की उपचार के दौरान मौत हो गई है, जबकि दूसरे का उपचार चल रहा है और उसकी हालत खतरे से बाहर है। घटना के बाद मौके पर शांति व्यवस्था कायम है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पांच पुलिस टीमों का गठन किया गया है, जो संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं। घटना में शामिल आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।
कुशीनगर। चौरा खास थाना क्षेत्र के कोइलाशवा गांव से एक साथ तीन नाबालिग बच्चों…
कुशीनगर। तमकुहीराज कस्बे में आयोजित डोल मेले के दौरान हुई चाकूबाजी की घटना में…
मोतीचक कुशीनगर , विकास खण्ड मोतीचक अन्तर्गत उच्च प्राथमिक विद्यालय मंगलपुर में बेसिक शिक्षा…
कुशीनगर। जिला मुख्यालय पडरौना में शुक्रवार को वाहन प्रेमियों और उपभोक्ताओं के लिए एक…