कुशीनगर। सीमावर्ती इलाके से संचालित अवैध शराब तस्करी के नेटवर्क पर तरयासुजान पुलिस ने ऐसा दोहरा प्रहार किया है कि शराब माफियाओं के पूरे तंत्र में खलबली मच गई है। महज 48 घंटे के भीतर पहले मालवाहक पिकअप से भारी मात्रा में देशी शराब और फिर लग्जरी कार से हरियाणा निर्मित अंग्रेजी शराब की बड़ी खेप बरामद कर पुलिस ने यह स्पष्ट कर दिया है कि अब कार्रवाई केवल खेप पकड़ने तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि पूरे सिंडिकेट की कमर तोड़ने की तैयारी है।
इन दोनों कार्रवाइयों के बाद पुलिस की जांच तेजी से शराब तस्करी के उस नेटवर्क की ओर बढ़ रही है, जो लंबे समय से सीमावर्ती क्षेत्रों को सुरक्षित गलियारा बनाकर अवैध कारोबार संचालित कर रहा था। सूत्रों की मानें तो लग्जरी कार की बरामदगी के बाद पुलिस को कई ऐसे महत्वपूर्ण इनपुट मिले हैं, जो सीधे इस अवैध कारोबार के बड़े खिलाड़ियों तक पहुंचने का रास्ता खोल सकते हैं।
बताया जा रहा है कि बरामद लग्जरी कार के स्वामित्व, उसके उपयोग और उससे जुड़े संपर्कों की गहन पड़ताल की जा रही है। पुलिस तकनीकी और मानवीय दोनों स्तरों पर साक्ष्य जुटा रही है। यदि जांच इसी रफ्तार से आगे बढ़ी तो जल्द ही शराब तस्करी के बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश होने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।
थानाध्यक्ष नितिन रघुनाथ श्रीवास्तव के नेतृत्व में तरयासुजान पुलिस की आक्रामक कार्यशैली, सटीक रणनीति और मजबूत टीम वर्क की चर्चा पूरे जनपद में हो रही है। लगातार दो दिनों में मिली इन सफलताओं ने यह संदेश दे दिया है कि अब तस्करों के पारंपरिक तौर-तरीके पुलिस की पैनी निगाहों से बच नहीं पाएंगे।
पुलिस की कार्रवाई से शराब माफियाओं में बेचैनी बढ़ गई है। वर्षों से अलग-अलग माध्यमों से शराब की खेप खपाने वाले गिरोह अब अपने सुरक्षित माने जाने वाले रास्तों को लेकर भी असहज नजर आ रहे हैं। पुलिस का फोकस अब केवल बरामदगी तक सीमित नहीं, बल्कि पूरे आर्थिक और आपराधिक नेटवर्क को ध्वस्त करने पर है।
जनपद में अपराध और अवैध कारोबार के विरुद्ध चल रहे अभियान के बीच तरयासुजान पुलिस की यह लगातार दूसरी बड़ी सफलता न केवल शराब तस्करों के लिए कड़ा संदेश है, बल्कि यह भी संकेत है कि आने वाले दिनों में इस नेटवर्क से जुड़े कई और चेहरे कानून के शिकंजे में आ सकते हैं।
कुशीनगर। चौराखास पुलिस ने अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के…
कुशीनगर। तमकुहीराज थाना क्षेत्र के ग्राम डुभा में महिला से बातचीत करने के बहाने…
कुशीनगर। कप्तानगंज पुलिस ने वारंटी अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान…
कुशीनगर। बहादुरपुर चौकी पर तैनात पुलिसकर्मी बिजेंद्र मणि त्रिपाठी को बालू लदे ट्रक से…