कुशीनगर। सड़क हादसों पर लगाम लगाने और यातायात व्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए कुशीनगर पुलिस ने अब तेज रफ्तार वाहनों के खिलाफ अपना शिकंजा और कस दिया है। शासन से मिले अत्याधुनिक इंटरसेप्टर चारपहिया वाहन के जरिए यातायात पुलिस द्वारा जिले में लगातार सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। 4 अगस्त से 19 अगस्त 2026 तक महज 16 दिनों में 1472 वाहन चालकों के ई-चालान किए गए, जिनमें सबसे अधिक कार्रवाई ओवरस्पीडिंग के मामलों में हुई है।
पुलिस अधीक्षक कुशीनगर केशव कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे इस अभियान में इंटरसेप्टर वाहन के माध्यम से निर्धारित गति सीमा का उल्लंघन करने वाले वाहनों की निगरानी की जा रही है। तेज रफ्तार के साथ ही खतरनाक तरीके से वाहन चलाने, शराब के नशे में ड्राइविंग करने और बिना हेलमेट दोपहिया चलाने वालों पर भी कार्रवाई की गई।
ओवरस्पीडिंग में 1445 चालान
04 अगस्त से 19 अगस्त तक की कार्रवाई में ओवरस्पीडिंग के 1445 ई-चालान किए गए। वहीं, खतरनाक एवं लापरवाही से वाहन चलाने के 11, शराब पीकर वाहन चलाने के 10 तथा बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने के 06 चालान किए गए।
पुलिस का मानना है कि सड़क दुर्घटनाओं के पीछे तेज रफ्तार और यातायात नियमों की अनदेखी प्रमुख कारणों में शामिल हैं। ऐसे में इंटरसेप्टर वाहन के जरिए तेज गति से दौड़ने वाले वाहनों पर सीधे नजर रखी जा रही है। इस कार्रवाई से हाईवे और प्रमुख मार्गों पर यातायात नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों में हड़कंप मचा है।
कुशीनगर पुलिस ने आमजन से अपील की है कि निर्धारित गति सीमा में ही वाहन चलाएं, शराब अथवा किसी अन्य नशे की हालत में वाहन न चलाएं और दोपहिया वाहन चलाते समय मानक हेलमेट का अनिवार्य रूप से इस्तेमाल करें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
— 16 दिन, 1472 चालान और संदेश साफ—कुशीनगर की सड़कों पर अब बेलगाम रफ्तार नहीं चलेगी।
हाटा कुशीनगर ,अधीक्षण अभियंता ई०बी०पी० सिंह के निर्देश पर अधिशासी अभियंता ई० दुर्गेश यादव…
मथौली बाजार, कुशीनगर : विकास खण्ड मोतीचक अन्तर्गत ग्राम सभा अथरहा में इफको केन्द्र…
कुशीनगर। रविंद्रनगर धूस थाना क्षेत्र में तीन वर्षीय मासूम के अपहरण और फिरौती मांगने…
कुशीनगर। बाबा बैद्यनाथ धाम, देवघर से दर्शन कर अपने घर चौरीचौरा, गोरखपुर लौट रहे…