हाटा (कुशीनगर): भाजपा के वरिष्ठ नेता इंजीनियर ऋषि त्रिपाठी ने शुक्रवार को गोरखपुर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को ज्ञापन सौंपकर विकासखंड सुकरौली के दो गांवों – पीड़रा और पडरी में स्वास्थ्य केंद्रों की बदहाल स्थिति से अवगत कराया और शीघ्र कार्रवाई की मांग की।
पीड़रा – अर्धनिर्मित पड़ा है स्वास्थ्य केंद्र
ज्ञापन में बताया गया है कि ग्राम पीड़रा में निर्माणाधीन स्वास्थ्य केंद्र का भवन लंबे समय से अर्धनिर्मित अवस्था में पड़ा है। निर्माण पूरा न होने से क्षेत्र की जनता को इसका लाभ नहीं मिल पा रहा है। गरीब, बुजुर्गों, महिलाओं एवं बच्चों को छोटी-छोटी बीमारियों के लिए भी दूरस्थ अस्पतालों का सहारा लेना पड़ता है।
त्रिपाठी ने मांग की है कि केंद्र की प्रगति की जांच कराकर शेष निर्माण कार्य प्राथमिकता पर पूर्ण कराया जाए और चिकित्सक, कर्मियों, उपकरणों व दवाओं की व्यवस्था के साथ इसका नियमित संचालन शुरू कराया जाए।
पडरी – जर्जर भवन में खतरे में है मरीजों की सुरक्षा
वहीं ग्राम पडरी में निर्मित स्वास्थ्य केंद्र का भवन जर्जर हो गया है, जिससे उसके सुरक्षित उपयोग को लेकर गंभीर आशंका है। इससे न सिर्फ स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हो रही हैं, बल्कि मरीजों, उनके परिजनों व स्वास्थ्य कर्मियों की सुरक्षा पर भी खतरा है।
उन्होंने भवनों की तकनीकी जांच, निर्माण की गुणवत्ता की निष्पक्ष जांच, दोषियों की जिम्मेदारी तय करने तथा मरम्मत / पुनर्निर्माण के निर्देश देने की मांग की है।
