हाटा कुशीनगर: जनगणना के द्वितीय चरण की तैयारी के लिए तहसील के ब्लाक हाटा, सुकरौली एवं मोतीचक के लगभग 750 प्रगणक एवं पर्यवेक्षकों का प्रशिक्षण तहसील सभागार में संपन्न हुआ। प्रक्षिक्षण 26 अक्टूबर से 6 नवम्बर तक कुल 9 बैचों में फील्ड ट्रेनर्स अजय वर्मा, रिंकू झां, डा. अंजू श्रीवास्तव, प्रशांत कुमार गुप्ता आदि के द्वारा संपन्न कराया गया। प्रशिक्षकों ने प्रगणक एवं पर्यवेक्षकों को प्रथम बार होने वाली डिजिटल जनगणना एवं स्वगणना के बारे में विस्तार से बताया।
बताया गया कि 16 नवंबर से 30 नवंबर तक स्वगणना होनी है। सभी प्रगणक एवं पर्यवेक्षक अपने जनगणना ब्लाक के लगभग 85 प्रतिशत जनसंख्या की स्वगणना करवाने का प्रयास करें ताकि वास्तविक गणना निर्धारित समय पर पूर्ण हो सके। एक दिसंबर से चार जनवरी तक सामान्य परिवार तथा संस्थागत परिवारों की गणना की जाएगी। चार जनवरी सायंकाल से पांच जनवरी मध्य रात्रि तक बेघर परिवार की गणना होनी है। 6 जनवरी से 9 जनवरी तक रिवीजन राउंड संचालित होना है।
जनगणना के दौरान प्रत्येक परिवार के प्रत्येक सदस्य से नाम, मुखिया से संबंध, लिंग, आयु, वैवाहिक स्थिति, विवाह के समय आयु, पति, पत्नी का नाम, राष्ट्रीयता, धर्म, जाति, भाषा, पिता और माता, दिव्यांगता, साक्षरता और डिजिटल साक्षरता, आर्थिक गतिविधि, जन्म स्थान, पूर्व निवास स्थान, स्थान परिवर्तन का कारण, स्थायी निवास स्थान, प्रजनन, कोविड टीकाकरण, बैंक खातों की कुल संख्या, मोबाइल नंबर, आधार, वोटर आईडी नंबर, पासपोर्ट तथा ड्राइविंग लाइसेंस सहित कुल 40 प्रश्न पूछे जाने हैं। प्रशिक्षुओं को नुक्कड़ नाटक के माध्यम से भी प्रशिक्षित करने का प्रयास किया गया, ताकि वास्तविक जनगणना के दौरान उत्तरदाता से इतना सरल एवं सहज व्यवहार बनाएं कि उन्हें कोई कठिनाई न हो।
प्रगणक अंजू विश्वकर्मा, रामरूप प्रसाद, मीरा पांडेय, नम्रता मिश्रा, ज्योति राव, आदि ने प्रतिभाग किया। एसडीएम मयंक त्रिपाठी एवं तहसीलदार जया सिंह ने समय समय पर औचक निरीक्षण किया।
मथौली बाजार कुशीनगर,ब्लाक संसाधन केंद्र -मोतीचक पर विकास खण्ड -मोतीचक के प्रत्येक कम्पोजिट विद्यालय/उच्च…
हाटा (कुशीनगर)। स्थानीय नगर पालिका के वार्ड नंबर 18 हनुमान नगर पैकौली स्थित बीज गोदाम…
हाटा, कुशीनगर। हाटा कोतवाली के सामने हाईवे पर एनएचएआई की ओर से निर्माणाधीन क्रासिंग…
गोरखपुर -नरकटियागंज रेलखंड के सिसवा बाजार रेलवे स्टेशन से लापता होने का परिजनों का…