कुशीनगर। मोबाइल फोन खोने के बाद उसे दोबारा पाने की उम्मीद छोड़ चुके लोगों के लिए रविवार का दिन खुशियों भरा रहा। कुशीनगर पुलिस ने 109 गुम मोबाइल फोन बरामद कर उनके असली स्वामियों को वापस सौंप दिए। बरामद मोबाइलों की कुल अनुमानित कीमत करीब 21 लाख 80 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस कार्यालय के सभागार में मोबाइल वापस मिलते ही लोगों के चेहरों पर खुशी साफ नजर आई।
पुलिस अधीक्षक कुशीनगर केशव कुमार के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ वर्मा के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी अपराध के नेतृत्व में सर्विलांस सेल और संबंधित थानों की पुलिस टीमों ने यह कार्रवाई की। टीमों ने सीईआईआर (CEIR) पोर्टल पर दर्ज शिकायतों को आधार बनाकर तकनीकी माध्यम से गुम हुए मोबाइलों की तलाश शुरू की। लगातार प्रयास के बाद जनपद के अलावा दूसरे जिलों और गैर प्रांतों से भी अलग-अलग कंपनियों के 109 मल्टीमीडिया मोबाइल फोन बरामद किए गए।
एएसपी ने स्वामियों को सौंपे मोबाइल
रविवार, 4 अक्टूबर 2026 को पुलिस कार्यालय के सभागार में अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ वर्मा ने बरामद सभी मोबाइल फोन उनके स्वामियों को सुपुर्द किए। लंबे समय बाद अपना मोबाइल हाथ में आते ही लोगों के चेहरों पर खुशी देखने को मिली। पुलिस की इस पहल की मोबाइल स्वामियों ने सराहना की।
सबसे अधिक वीवो के 31 मोबाइल बरामद
सीईआईआर पोर्टल के माध्यम से बरामद 109 मोबाइलों में सबसे अधिक वीवो के 31, रियलमी के 20, ओप्पो के 17, रेडमी के 11 और सैमसंग के पांच मोबाइल शामिल हैं। इसके अलावा एआई प्लस के चार, मोटोरोला के चार, टेक्नो के चार, आईक्यूओओ के तीन, पोको के तीन, वनप्लस के तीन, इनफिनिक्स के दो तथा आईटेल और नथिंग का एक-एक मोबाइल बरामद किया गया।
इन कंपनियों के मोबाइल हुए बरामद..!
वीवो — 31
रियलमी — 20
ओप्पो — 17
रेडमी — 11
सैमसंग — 05
एआई प्लस — 04
मोटोरोला — 04
टेक्नो — 04
आईक्यूओओ — 03
पोको — 03
वनप्लस — 03
इनफिनिक्स — 02
आईटेल — 01
नथिंग — 01
कुल — 109 मोबाइल, अनुमानित कीमत 21.80 लाख रुपये।
सर्विलांस सेल की अहम भूमिका..!
मोबाइल बरामदगी में सर्विलांस सेल की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। टीम में उपनिरीक्षक सन्नी कुमार दूबे, कंप्यूटर ऑपरेटर ग्रेड-बी अमित सिंह, मुख्य आरक्षी अभिषेक कुमार यादव, मुख्य आरक्षी अतीश कुमार, आरक्षी शेषनाथ, आरक्षी राहुल यादव और आरक्षी रणवीर सिंह प्रियदर्शी शामिल रहे।इसके अलावा संबंधित थानों के कंप्यूटर ऑपरेटर और पुलिसकर्मियों ने भी मोबाइलों की बरामदगी में योगदान दिया।
इन पांच पुलिसकर्मियों का भी रहा अहम योगदान!!
मोबाइल बरामदगी में बेहतर कार्य करने वाली टीमों में कसया थाने के कंप्यूटर ऑपरेटर मनोज यादव ग्रेड-ए, विशुनपुरा के कंप्यूटर ऑपरेटर श्यामसुंदर यादव ग्रेड-बी, तरयासुजान के कंप्यूटर ऑपरेटर विजय कुमार ग्रेड-बी, चौराखास के कंप्यूटर ऑपरेटर सुमित कुमार ग्रेड-ए तथा कोतवाली पडरौना के आरक्षी अनिल चौहान का भी उल्लेखनीय योगदान रहा।
पुलिस की इस कार्रवाई ने यह संदेश भी दिया कि मोबाइल गुम होने की स्थिति में शिकायत दर्ज कराने और सीईआईआर पोर्टल का सही तरीके से इस्तेमाल करने पर खोया मोबाइल वापस मिलने की संभावना काफी बढ़ जाती है।
कुशीनगर। दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट के मुकदमे में वांछित चल रहे आरोपी को तरयासुजान…
सिसवां नगर पंचायत निवासी किशोर कृष्णा सिंह की छोटी गंडक में डूबने से मौत…
हाटा कुशीनगर । कोतवाली क्षेत्र के सेमरी परसौनी गांव में शनिवार को धर्मांतरण के…
खड्डा, कुशीनगर। उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ के बैनर तले खड्डा तहसील क्षेत्र के लेखपालों…