देवरिया । जिले के रुद्रपुर थाना क्षेत्र में महिला की हत्या कर शव जंगल-झाड़ियों में फेंकने के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। रुद्रपुर पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने हत्याकांड का खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी विजय निषाद को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, मृतका रानी विश्वकर्मा और आरोपी विजय निषाद के बीच पहले से परिचय और संबंध थे। इसी संबंध में आई खटास और आपसी विवाद के बाद आरोपी ने कथित तौर पर महिला की गला घोंटकर हत्या कर दी। इतना ही नहीं, हत्या के बाद शव को कार की डिग्गी में रखकर पूरे दिन ठिकाने लगाने के लिए घूमता रहा और बाद में सड़क किनारे झाड़ियों में फेंक दिया।
पुलिस के अनुसार, 31 अक्टूबर 2026 की रात करीब 8:30 बजे रुद्रपुर थाना क्षेत्र के एक गांव के पास सड़क किनारे जंगल-झाड़ियों में एक महिला का शव पड़े होने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव की शिनाख्त कराने में जुट गई। अगले दिन मृतका की पहचान रानी विश्वकर्मा (26 वर्ष), पुत्री सुभाष चंद्र विश्वकर्मा, निवासी थाना झंगहा, जनपद गोरखपुर के रूप में हुई। इस मामले में परिजनों की तहरीर पर रुद्रपुर थाने में मुकदमा अपराध संख्या 519/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) और 238 में अभियोग पंजीकृत किया गया था।
पुलिस की जांच में सामने आया कि मृतका रानी विश्वकर्मा वीएन सेंट्रल स्कूल में शिक्षण कार्य करती थीं, जबकि आरोपी विजय निषाद उसी विद्यालय में संयोजक के पद पर कार्यरत था। दोनों के बीच पहले से परिचय और आपसी संबंध थे। पुलिस के मुताबिक, घटना वाले दिन दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ। इसके बाद आरोपी अपनी सफेद रंग की वैगनआर कार (संख्या यूपी 53 एफएफ 9352) से रानी को लेकर चला गया।
पुलिस की जांच के अनुसार, रास्ते में आरोपी को लगा कि रानी को जीवित छोड़ना उसके लिए नुकसानदायक हो सकता है। इसी सोच के तहत उसने कार की पिछली सीट पर महिला का गला घोंटकर हत्या कर दी। इसके बाद शव को कार की डिग्गी में रख लिया और पूरे दिन शव को ठिकाने लगाने के लिए इधर-उधर घूमता रहा। अंततः रात में रुद्रपुर थाना क्षेत्र के एक गांव के पास सड़क किनारे झाड़ियों में शव फेंककर फरार हो गया।
हत्याकांड के खुलासे के बाद पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर मृतका का एटीएम कार्ड, कार्ड होल्डर और मोबाइल फोन का फ्लिप कवर बरामद किया है। वारदात में प्रयुक्त सफेद रंग की वैगनआर कार को भी कब्जे में लेकर उसकी फोरेंसिक जांच कराई गई है। कार की डिग्गी का विशेष रूप से परीक्षण किया गया तथा महत्वपूर्ण नमूने एकत्र किए गए हैं, ताकि घटनाक्रम से जुड़े वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए जा सकें।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, फिलहाल इस मामले में एक आरोपी की गिरफ्तारी हुई है। हालांकि, मृतका के परिजनों ने कुछ अन्य लोगों की संलिप्तता की आशंका भी जताई है। पुलिस इस पहलू को गंभीरता से लेते हुए विवेचना कर रही है। अभी तक की जांच में एक ही आरोपी की भूमिका सामने आई है, लेकिन अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका से इनकार नहीं किया गया है।
पुलिस का कहना है कि मामले में तकनीकी और फोरेंसिक साक्ष्य जुटाए गए हैं। विवेचना को मजबूत बनाकर न्यायालय में प्रभावी पैरवी की जाएगी, ताकि आरोपी को कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जा सके। गिरफ्तार अभियुक्त को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
देवरिया। सदर कोतवाली में नवागत प्रभारी निरीक्षक शशि भूषण राय के कमान संभालने के…
हाटा कुशीनगर। देवरिया देहात वार्ड नंबर-7 महाराणा प्रताप नगर निवासी करीब 24 वर्षीय अखिलेश…
देवरिया। मोमोज खाने की सनक ने एक नाबालिग को अपराध की राह पर ला…
ज्ञानेश्वर बरनवाल | न्यूज अड्डा हेतिमपुर । देवरिया जनपद के आदर्श नगर पंचायत हेतिमपुर…