हाटा (कुशीनगर): नगर में आए दिन लगने वाले भीषण जाम से आम जनता त्रस्त है। स्कूल-कॉलेज जाने वाले छात्र, अस्पताल जाने वाले मरीज, व्यापारी और राहगीर, सभी को घंटों जाम में फंसना पड़ रहा है। इस समस्या से निजात दिलाने के लिए अब ट्रैफिक पुलिस और कोतवाली पुलिस एक साथ मैदान में उतर आई है।
रविवार को दोपहर बाद टीआई अश्वनी कुमार राय, नवागत प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार सिंह और एनएचएआई के इंद्रभूषण तिवारी ने नगर के सबसे व्यस्त मार्ग एनएच पर पैदल भ्रमण कर जाम के कारणों का जायजा लिया। अधिकारियों ने पगरा से लेकर गोरखपुर चौराहे तक पूरे मार्ग का निरीक्षण किया।
भ्रमण के दौरान अधिकारियों ने देखा कि कहां-कहां अवैध पार्किंग, अतिक्रमण, ठेले-खोमचे और बेतरतीब खड़े वाहन जाम का मुख्य कारण बन रहे हैं। साथ ही चौराहों पर ट्रैफिक व्यवस्था, डिवाइडर, कट और मोड़ पर भी बारीकी से नजर डाली गई।
अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही एक ठोस प्लान तैयार कर उसे लागू किया जाएगा, ताकि नगरवासियों को जाम से स्थायी राहत मिल सके। अवैध अतिक्रमण हटाने, पार्किंग व्यवस्था सुधारने और ट्रैफिक पुलिस की तैनाती बढ़ाने पर भी विचार किया जा रहा है।
टीआई अश्वनी कुमार राय ने कहा कि हमारा प्रयास है कि अब से बेहतर कार्य किया जाए, जिससे आम जनमानस को जाम से निजात मिल सके। जल्द ही इसका असर धरातल पर दिखाई देगा।इस दौरान एस एस आई मनोज कुमार यादव एस आई राजकपूर, ज्ञान प्रकाश सुर्यवंशी सहित अन्य मौजूद रहे।
