कुशीनगर । दीपावली एवं आगामी त्योहारों को सकुशल, शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए कुशीनगर पुलिस ने सुरक्षा का मोर्चा संभाल लिया है। त्योहारों के दौरान बाजारों में बढ़ने वाली भीड़भाड़, खरीदारी की चहल-पहल और आवागमन को देखते हुए समउर बाजार में पुलिस की निगरानी तेज कर दी गई है। असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर अंकुश लगाने और आमजन को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से पुलिस ने गश्त, चेकिंग और जनसंवाद अभियान को गति दी है।
इसी क्रम में थानाध्यक्ष चंद्रभान सिंह के नेतृत्व में समउर चौकी प्रभारी अखिलेश यादव ने पुलिस टीम के साथ बाजार में पैदल भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। पुलिस टीम ने बाजार के प्रमुख मार्गों, चौराहों, दुकानों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पहुंचकर स्थिति का निरीक्षण किया। इस दौरान संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों को रोककर उनकी सघन जांच की गई। पुलिसकर्मियों ने बाजार में आने-जाने वाले लोगों की गतिविधियों पर नजर रखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरती।
बता दे कि गश्त के दौरान चौकी प्रभारी अखिलेश यादव ने स्थानीय व्यापारियों और दुकानदारों से बातचीत कर त्योहारों के मद्देनजर सुरक्षा संबंधी आवश्यक जानकारी साझा की। उन्होंने व्यापारियों से अपनी दुकानों और प्रतिष्ठानों के आसपास सतर्कता बनाए रखने, संदिग्ध व्यक्तियों अथवा असामान्य गतिविधियों पर नजर रखने और किसी भी तरह की आशंका होने पर तत्काल पुलिस को सूचना देने की अपील की। साथ ही लोगों को अफवाहों से दूर रहने और आपसी सौहार्द बनाए रखने की हिदायत दी। त्योहारों के दौरान शांति व्यवस्था बिगाड़ने वाले तत्वों पर पुलिस की विशेष निगरानी रहेगी। बाजार में अनावश्यक रूप से संदिग्ध परिस्थितियों में घूमने वाले व्यक्तियों, संदिग्ध वाहनों और अवांछित गतिविधियों को गंभीरता से लेने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस की कोशिश है कि आम नागरिक और व्यापारी बिना किसी भय के त्योहारों की खरीदारी और अन्य गतिविधियां कर सकें।
थानाध्यक्ष चंद्रभान सिंह के निर्देशन में चौकी प्रभारी अखिलेश यादव की सक्रियता से समउर बाजार में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस की मुस्तैदी दिखाई दे रही है। पुलिस का यह अभियान केवल गश्त और जांच तक सीमित नहीं, बल्कि व्यापारियों एवं आमजन के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर सुरक्षा का भरोसा मजबूत करने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम है।
पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया है कि त्योहारों की आड़ में शांति व्यवस्था से खिलवाड़ करने, अराजकता फैलाने अथवा कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। दीपावली और आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस की निगरानी और सतर्कता लगातार जारी रहेगी।
इस सप्ताह की सबसे लोकप्रिय
सबसे ज्यादा पढ़ी गई खबर
कुशीनगर। राष्ट्रीय राजमार्ग-27 के सलेमगढ़ चौराहे पर निर्माणाधीन ओवरब्रिज के चलते पैदा हुई जाम…