गोरखपुर। नवरात्र के पावन पर्व पर मां दुर्गा की आराधना के बीच गोरखपुर जंक्शन पर दो महिला सिपाहियों ने अपनी सतर्कता और साहस से महिला शक्ति की मिसाल पेश की। रेलवे स्टेशन पर यात्रियों के सामान की चोरी की सूचना मिलते ही महिला कांस्टेबल पल्लवी सिंह और रीता यादव ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो महिलाओं को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से चोरी किया गया महिला पर्स, सफेद धातु की तीन बिछिया और 1,500 रुपये नकद बरामद हुए। बरामद सामान की कुल कीमत करीब 32 हजार रुपये बताई गई है। नवरात्र के दौरान महिला सिपाहियों की इस मुस्तैदी को कर्तव्यनिष्ठा और नारी शक्ति के प्रभावशाली उदाहरण के रूप में देखा जा रहा है।
जीआरपी पुलिस के अनुसार, दिल्ली के साउथ वेस्ट क्षेत्र के रनहौला थाना क्षेत्र स्थित बापरोला विहार निवासी मीनू देवी अपने पति राम शकल शर्मा के साथ ट्रेन संख्या 04014 से आनंद विहार से गोरखपुर पहुंची थीं। 16 अक्टूबर को रेलवे स्टेशन के पूर्वी फुट ओवरब्रिज से गेट नंबर दो की ओर जाने के लिए दंपती स्वचालित सीढ़ी से नीचे उतर रहा था। इसी दौरान दो महिलाओं ने कथित तौर पर मीनू देवी का पर्स चोरी कर लिया।
पर्स गायब होने का संदेह होने पर दंपती ने मौके पर ड्यूटी कर रहीं महिला कांस्टेबल पल्लवी सिंह और रीता यादव को सूचना दी। पीड़िता की ओर से संदिग्ध महिलाओं की पहचान किए जाने पर दोनों महिला सिपाहियों ने तत्परता दिखाते हुए उनकी तलाशी ली। इस दौरान चोरी गया पर्स, तीन बिछिया और 1,500 रुपये नकद बरामद हो गए। इसके बाद दोनों महिलाओं को हिरासत में लेकर जीआरपी थाने लाया गया।
झारखंड और बिहार की रहने वाली हैं आरोपित महिलाएं
गिरफ्तार महिलाओं की पहचान शांति देवी (30 वर्ष), निवासी कोठार, थाना रामगढ़, जिला रामगढ़, झारखंड और अरेना कुमारी (28 वर्ष), निवासी अकोढ़ा गोला टोला मसहरिया, जिला रोहतास, बिहार के रूप में हुई है।जीआरपी पुलिस ने बरामदगी के आधार पर मुकदमा अपराध संख्या 163/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2), 317(2), 317(5) और 3(5) में मुकदमा दर्ज किया। आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद दोनों आरोपित महिलाओं को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जिला कारागार भेज दिया गया।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान दोनों आरोपित महिलाओं ने रेलवे स्टेशन पर आने-जाने वाले यात्रियों के पर्स और सामान चोरी करने की बात स्वीकार की। पुलिस उनके आपराधिक इतिहास का पता लगा रही है।
रेलवे स्टेशन पर चोरी और अन्य आपराधिक घटनाओं की रोकथाम के लिए पुलिस अधीक्षक रेलवे गोरखपुर लक्ष्मी निवास मिश्र (आईपीएस) तथा पुलिस उपाधीक्षक रेलवे अशोक कुमार सिंह (पीपीएस) के निर्देशन में अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में जीआरपी थाना प्रभारी निरीक्षक अनुज कुमार सिंह के नेतृत्व में ड्यूटी पर तैनात महिला कांस्टेबल पल्लवी सिंह और रीता यादव ने कार्रवाई को अंजाम दिया।
बोले प्रभारी निरीक्षक जीआरपी गोरखपुर अनुज.!
इस संवाददाता से बात करते हुए प्रभारी निरीक्षक जीआरपी गोरखपुर अनुज कुमार सिंह ने बताया कि नवरात्र में मां दुर्गा के शक्ति स्वरूप की आराधना के बीच दोनों महिला सिपाहियों की सक्रियता ने यह संदेश दिया कि वर्दी में नारी शक्ति सुरक्षा, साहस और सेवा का प्रतीक है। यात्रियों की शिकायत पर तत्काल कार्रवाई कर चोरी का सामान बरामद करना उनकी सतर्कता और कर्तव्य के प्रति समर्पण को दर्शाता है।
कुशीनगर । अदम्य साहस, कर्तव्यनिष्ठा और जोखिम उठाकर जिम्मेदारी निभाने वाले पुलिसकर्मियों के सम्मान…
गोरखपुर। रेलवे स्टेशनों और ट्रेनों में यात्रियों के सामान पर हाथ साफ करने वाले…
गोरखपुर। रक्षाबंधन के पावन पर्व पर गोरखपुर रेलवे स्टेशन का यात्री हाल उस समय…
गोरखपुर। रेलवे स्टेशन पर यात्री बनकर घूमना, भोले-भाले यात्रियों से दोस्ती गांठना, बातचीत में…