कुशीनगर। सर्दी का मौसम शुरू होते ही चोरी की घटनाओं की आशंका को देखते हुए तमकुहीराज थाना क्षेत्र की समउर पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्कता बढ़ा दी है। इसी क्रम में सरेया बुजुर्ग गांव में ग्राम सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित कर ग्रामीणों को जागरूक किया गया। चौकी प्रभारी अखिलेश यादव ने ग्रामीणों से संवाद कर रात के समय संदिग्ध व्यक्तियों और गतिविधियों पर पैनी नजर रखने की अपील की।
बैठक में चौकी प्रभारी ने कहा कि ठंड के मौसम में अक्सर लोग जल्दी घरों में दुबक जाते हैं और इसी का फायदा उठाकर शरारती तत्व चोरी जैसी घटनाओं को अंजाम देने की फिराक में रहते हैं। ऐसे में जरूरी है कि गांव के लोग आपसी तालमेल बनाए रखें और रात में अनजान व्यक्तियों की आवाजाही पर सतर्क नजर रखें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी बिना देर किए पुलिस को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
चौकी प्रभारी अखिलेश यादव ने ग्रामीणों से भावनात्मक अपील करते हुए कहा, “आपका घर, आपका परिवार और आपका गांव सुरक्षित रहे, यह सिर्फ पुलिस की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हम सबकी साझा जिम्मेदारी है। पुलिस हर समय आपकी सुरक्षा के लिए तत्पर है, लेकिन जब जनता जागरूक होकर पुलिस का साथ देती है तो अपराधियों के हौसले खुद-ब-खुद पस्त हो जाते हैं। आपकी एक छोटी-सी सूचना किसी बड़ी घटना को रोक सकती है। इसलिए डरें नहीं, चुप न रहें, संदिग्ध गतिविधि दिखे तो पुलिस को जरूर बताएं। आपकी सुरक्षा ही हमारी प्राथमिकता है।”
उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिस और आम जनता के बीच बेहतर समन्वय एवं सहयोग से ही गांवों में सुरक्षित वातावरण बनाया जा सकता है। बैठक में ग्राम प्रधान अब्दुल मन्नान, हरिकेश सिंह, राम प्रवेश शर्मा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
समउर पुलिस की इस पहल का उद्देश्य साफ है—सर्द रातों में अपराधियों की सक्रियता पर नजर और गांव की सुरक्षा में ग्रामीणों की भागीदारी सुनिश्चित करना।
