कुशीनगर । कुशीनगर महोत्सव 2026 के तहत आयोजित स्व. विजय राय स्मृति ग्रामीण क्रिकेट लीग में रविवार को कुशीनगर महोत्सव समिति के खिलाड़ियों ने अपने शानदार प्रदर्शन से मैदान में धूम मचा दी। चकला फील्ड दाहूगंज में खेले गए मैत्री मुकाबले में कप्तान रजनीश राय की विस्फोटक बल्लेबाजी के दम पर कुशीनगर महोत्सव समिति ने पूर्वांचल महोत्सव समिति को महज सात ओवर में नौ विकेट से करारी शिकस्त दे दी। मुकाबले में रजनीश राय के बल्ले से निकले नाबाद 37 रनों ने जीत की इबारत लिख दी।
मैच में टॉस जीतकर पूर्वांचल महोत्सव समिति के कप्तान आरपी राय ने पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। टीम ने निर्धारित 12 ओवर में राजकुमार गिरी के 32 रनों की बदौलत 90 रन बनाए। कुशीनगर महोत्सव समिति की ओर से जितेंद्र श्रीवास्तव ने धारदार गेंदबाजी करते हुए दो महत्वपूर्ण विकेट झटके और विपक्षी टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचने से रोक दिया।
91 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी कुशीनगर महोत्सव समिति ने पहली गेंद से ही आक्रामक रुख अपना लिया। कप्तान रजनीश राय ने मोर्चा संभालते हुए नाबाद 37 रनों की शानदार पारी खेली, वहीं ऑलराउंडर जितेंद्र श्रीवास्तव ने भी महज कुछ ही ओवरों में 32 रनों की तूफानी पारी खेलकर विपक्षी गेंदबाजों की मुश्किलें बढ़ा दीं। दोनों बल्लेबाजों के सामने पूर्वांचल के गेंदबाज पूरी तरह बेअसर नजर आए।
नतीजा यह रहा कि कुशीनगर महोत्सव समिति ने मात्र सात ओवर में एक विकेट के नुकसान पर 92 रन बनाकर नौ विकेट से शानदार जीत हासिल कर ली। बेहतरीन गेंदबाजी और नाबाद 37 रनों की कप्तानी पारी के लिए रजनीश राय को मैन ऑफ द मैच चुना गया। उनकी अगुवाई में मिली इस जीत के बाद मैदान तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा और दर्शकों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
इस अवसर पर कुशीनगर महोत्सव के आयोजक विनय राय, अनूप कुमार राय, प्रदीप उपाध्याय, आदित्य राय, रंजीत कुशवाहा, रामू, करन सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासी एवं खेलप्रेमी मौजूद रहे।
