मथौली बाजार कुशीनगर , देव दीपावली (कार्तिक पूर्णिमा) के अवसर पर अनवरत पांचवें वर्ष विकास खण्ड मोतीचक के पूर्वी छोर पर स्थित छोटी गंडक नदी दुबौली सोहसा घाट पर 24 नवम्बर मंगलवार को नयी दिशा पर्यावरण सेवा संस्थान के तत्वावधान में जन सहयोग से सांध्यकाल दीपदान एवं भजन संध्या कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। शाम 3 बजे से 5 बजे तक भजन संध्या तथा 5 बजे से दीपदान कार्यक्रम सम्पन्न होगा।
संस्था के सचिव डॉ. हरिओम मिश्र ने बताया कि कार्तिक पूर्णिमा को देव दीपावली के नाम से जाना जाता है। धार्मिक मान्यता के अनुसार इस दिन प्रातःकाल नदी में स्नान, दान और सांध्यकाल में दीपदान का विशेष महत्व है। दीपदान वह पुण्यकर्म है जो अंधकार मिटाकर मोक्ष का मार्ग प्रशस्त करता है। इसी श्रद्धा से संस्था ने यह परंपरा आरम्भ की थी । डॉ. मिश्र ने बताया कि इस वर्ष 5500 दीप प्रज्वलित होंगे, तो वे केवल घाट को नहीं बल्कि हमारी अपूर्ण प्रार्थना “सोहसा मोक्षधाम निर्माण” को भी प्रकाश देंगे। उन्होंने आम जन से अपील की कि इस पावन अवसर पर दीपों से घाट परिसर को आलोकित कर देव दीपावली का पर्व मनाएँ तथा अक्षय पुण्य के भागी बनते हुए दैवीय शक्तियों से घाट के सर्वांगीण विकास की मंगलकामना करें।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि महादेव जी एवं अध्यक्षता गंगा मईया के देख देख में सम्पन्न होगा। इसके लिए एक तैयारी बैठक हुई। उक्त जानकारी नयी दिशा पर्यावरण सेवा संस्थान कुशीनगर के सचिव डा० हरिओम मिश्र एवं संयोजक सत्यजीत सिंह ने संयुक्त रूप से दी है।
