News Addaa WhatsApp Group

Gold Price: सोने की कीमत में लगातार चौथे दिन गिरावट, कीमत 50 हजार के निचे!

न्यूज अड्डा डेस्क

Reported By:

Oct 8, 2020  |  11:45 AM

1,049 लोगों ने इस खबर को पढ़ा.
Gold Price: सोने की कीमत में लगातार चौथे दिन गिरावट, कीमत 50 हजार के निचे!

आज लगातार चौथे दिन सोना गिरावट (Gold Price Fall) के साथ खुला है। कल यानी बुधवार को सोना 50,048 रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर बंद हुआ था, जो आज सुबह 76 रुपये की मामूली गिरावट के साथ 49,972 रुपये प्रति 10 ग्राम (Gold Price Today) के स्तर पर खुला। शुरुआती कारोबार में ही सोने ने 50,039 रुपये प्रति 10 ग्राम का उच्चतम स्तर और 49,950 रुपये प्रति 10 ग्राम का न्यूनतम स्तर भी छू लिया।

कल आई थी सोना वायदा कीमतों में गिरावट

कमजोर हाजिर मांग के कारण कारोबारियों ने अपने सौदों की कटान की जिससे वायदा बाजार में सोना बुधवार को 0.76 प्रतिशत की गिरावट के साथ 50,140 रुपये प्रति 10 ग्राम रह गया। एमसीएक्स में दिसंबर महीने में डिलिवरी वाले सोना अनुबंध की कीमत 386 रुपये यानी 0.76 प्रतिशत की गिरावट के साथ 50,140 रुपये प्रति 10 ग्राम रह गया। इसमें 15,129 लॉट के लिये कारोबार हुआ। सोना के फरवरी 2021 के माह में डिलिवरी वाले अनुबंध की कीमत 530 रुपये यानी 1.04 प्रतिशत की गिरावट के साथ 50,319 रुपये प्रति 10 ग्राम रह गया। इसमें 729 लॉट के लिये कारोबार हुआ। न्यूयार्क में सोने का भाव 0.68 प्रतिशत घटकर 1,895.90 डॉलर प्रति औंस रह गया।

सर्राफा बाजार में भी गिरे सोना-चांदी

दिल्ली सर्राफा बाजार में सोना भाव बुधवार को 694 रुपये टूटकर बंद हुआ। जबकि चांदी भाव में 126 रुपये की तेजी देखी गयी। एचडीएफसी सिक्युरिटीज के मुताबिक सोना 694 रुपये गिरकर 51,215 रुपये प्रति 10 ग्राम पर रहा। पिछले कारोबारी सत्र में यह 51,909 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था। वहीं चांदी 126 रुपये बढ़कर 63,427 रुपये प्रति किलोग्राम पर रही। पिछले कारोबारी दिन में यह 63,301 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई थी। एचडीएफसी सिक्युरिटीज के वरिष्ठ विश्लेषक (जिंस) तपन पटेल ने कहा, ‘‘डॉलर के मुकाबले रुपये में सुधार के बीच दिल्ली के हाजिर बाजार में 24 कैरेट सोना भाव में 694 रुपये की गिरावट रही।’’ इस बीच लगातार दो दिन से गिर रहा रुपया बुधवार को डॉलर के मुकाबले 13 पैसे की बढ़त के साथ 73.33 पर बंद हुआ। अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना 1,892 डॉलर और चांदी 23.73 डॉलर प्रति औंस पर चल रही थी।

क्या सोना कोरोना काल से पहले की स्थिति में लौट आएगा?

कोरोना वायरस की वजह से शेयर बाजार में एक तगड़ी गिरावट देखने को मिली थी। समय बीतने के साथ-साथ शेयर बाजार उस तगड़ी गिरावट से लगातार उबर रहा है। दुनिया भर के अधिकतर शेयर बाजार कोरोना की वजह से आई गिरावट से मजबूती से लडते हुए रिकवर कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर सोना (today gold price) अपना ऑल टाइम हाई छू कर वापस आ चुका है। आए दिन सोने की कीमतों में उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। अब सवाल ये उठता है कि क्या सोना भी कोरोना काल से पहले वाली स्थिति में लौट आएगा, क्योंकि ये ट्रेंड देखा गया है कि शेयर बाजार मजबूत होता है तो सोना कमजोर होता है और इसका उल्टा भी होता है। तो क्या सोना अभी और सस्ता होगा, क्योंकि जनवरी में सेंसेक्स 41 हजार के करीब था, तब सोने की कीमत भी 41 हजार के करीब थी।

सोने-चांदी में आई है कितनी गिरावट?

पिछले महीने 7 अगस्त को सोने ने वायदा बाजार में अपना उच्चतम स्तर यानी ऑल टाइम हाई छुआ था और प्रति 10 ग्राम की कीमत 56,200 रुपये हो गई थी। वहीं आज सोना 49972 रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर खुला है। यानी तब से लेकर अब तक सोने में 6228 रुपये की गिरावट आ चुकी है। सोने में आई इस गिरावट के निवेशक शेयर बाजार की तेजी के साथ भी जोड़कर देख रहे हैं।

एक्सपर्ट्स की मानें तो जारी रहेगा उतार-चढ़ाव

मोतीलाल ओसवाल फाइनेंसियल सविर्सिज के जिंस शोध के उपाध्यक्ष नवनीत दमानी कहते हैं कि सोना ऊंचाई से गिरकर 50 हजार रुपये के दायरे में आया है, जबकि चांदी 60 हजार रुपये के दायरे में आ चुकी है। उनका मानना है कि आने वाले दिनों में भी उतार चढ़ाव जारी रह सकता है। केडिया कैपिटल के डायरेक्टर अजय केडिया मानते हैं कि स्टिमुलस पैकेज ने शेयर बाजारों के लिए स्टेरॉयड का काम किया। इसी की वजह से शेयर बाजार में तेजी आई है, लेकिन इसे नेचुरल नहीं कहा जा सकता।

सोना सस्ता होगा या महंगा?

सोने में गिरावट की एक बड़ी वजह है पिछले 2 महीनों में रुपये में आई मजबूती। अभी रुपये 73-74 रुपये प्रति डॉलर तक मजबूत हो चुका है, जो कुछ महीने पहले 76-77 रुपये प्रति डॉलर तक कमजोर हो गया था। अगर फिर से डॉलर मजबूत होता है तो सोने में लॉन्ग टर्म में फिर से मजबूती देखने को मिलेगी और डॉलर का फिर से मजबूत होना लगभग तय ही है। यानी सोना अगले साल तक 60-70 हजार रुपये प्रति 10 ग्राम तक पहुंच सकता है।

एक नजर सोने और सेंसेक्स की तुलना पर

24 फरवरी 2020 को सोना 41 हजार रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर था जबकि सेंसेक्स 40,363 के स्तर पर था। 15 मई तक सोना 47 हजार से भी ऊपर पहुंच गया, जबकि सेंसेक्स गिरकर 27,500 के करीब आ गया। कोरोना काल के दौरान 7 अगस्त को सोने ने 56,254 रुपये प्रति 10 ग्राम का ऑल टाइ हाई छू लिया, जबकि सेंसेक्स भी काफी रिकवर होकर 37,600 के स्तर पर पहुंच गया। 30 सितंबर तक सोना गिरकर 50,400 के करीब पहुंच गया है, जबकि सेंसेक्स अभी भी 38 हजार के दायरे में है।

इस बार फेस्टिव सीजन में भी कम रहेगी मांग

अक्टूबर-नवंबर के दौरान अमूमन सोने की मांग काफी बढ़ जाती है। इसकी वजह है फेस्टिव सीजन का आना। दिवाली के करीब सोना हमेशा चमकता है, लेकिन कोरोना की वजह से इस बार लोगों को आर्थिक तंगी झेलनी पड़ रही है, जिसका सीधा असर सोने की मांग पर पड़ा है। मुंबई के एक गोल्ड डीलर का कहना है कि इस बार फेस्टिव सीजन के दौरान भी मांग कम ही रहने का अनुमान है, क्योंकि कीमतें काफी बढ़ चुकी हैं।

कोरोना काल में सोना बना वरदान

सोना गहरे संकट में काम आने वाली संपत्ति है, मौजूदा कठिन वैश्विक परिस्थितियों में यह धारणा एक बार फिर सही साबित हो रही है। कोविड-19 महामारी और भू-राजनीतिक संकट के बीच सोना एक बार फिर रिकॉर्ड बना रहा है और अन्य संपत्तियों की तुलना में निवेशकों के लिए निवेश का बेहतर विकल्प साबित हुआ है। विश्लेषकों का मानना है कि उतार-चढ़ाव के बीच सोना अभी कम से कम एक-डेढ़ साल तक ऊंचे स्तर पर बना रहेगा। दिल्ली बुलियन एंड ज्वेलर्स वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष विमल गोयल का मानना है कि कम एक साल तक सोना उच्चस्तर पर रही रहेगा। वह कहते हैं कि संकट के इस समय सोना निवेशकों के लिए ‘वरदान’ है। गोयल मानते हैं कि दिवाली के आसपास सोने में 10 से 15 प्रतिशत तक का उछाल आ सकता है।

मुसीबत की घड़ी में हमेशा बढ़ी है सोने की चमक!

सोना हमेशा ही मुसीबत की घड़ी में खूब चमका है। 1979 में कई युद्ध हुए और उस साल सोना करीब 120 फीसदी उछला था। अभी हाल ही में 2014 में सीरिया पर अमेरिका का खतरा मंडरा रहा था तो भी सोने के दाम आसमान छूने लगे थे। हालांकि, बाद में यह अपने पुराने स्तर पर आ गया। जब ईरान से अमेरिका का तनाव बढ़ा या फिर जब चीन-अमेरिका के बीच ट्रेड वॉर की स्थिति बनी, तब भी सोने की कीमत बढ़ी।

संबंधित खबरें
विधायक पी.एन. पाठक के पूज्य पिता लाल बाबू पाठक का निधन, क्षेत्र में शोक की लहर
विधायक पी.एन. पाठक के पूज्य पिता लाल बाबू पाठक का निधन, क्षेत्र में शोक की लहर

कुशीनगर। भारतीय जनता पार्टी के कुशीनगर विधान सभा से लोकप्रिय विधायक पी.एन. पाठक के…

कसया से चोरी हुआ टेम्पो तमकुहीराज पुलिस ने किया बरामद, एक अभियुक्त गिरफ्तार
कसया से चोरी हुआ टेम्पो तमकुहीराज पुलिस ने किया बरामद, एक अभियुक्त गिरफ्तार

कुशीनगर। जिले के थाना तमकुहीराज पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान…

मिशन शक्ति 5.2 के तहत तरयासुजान पुलिस का जागरूकता अभियान घघवा जगदीश गांव में महिलाओं व ग्रामीणों को किया गया जागरूक
मिशन शक्ति 5.2 के तहत तरयासुजान पुलिस का जागरूकता अभियान घघवा जगदीश गांव में महिलाओं व ग्रामीणों को किया गया जागरूक

कुशीनगर। जनपद कुशीनगर के थाना तरयासुजान क्षेत्र के ग्राम घघवा जगदीश में बुधवार को…

भव्य शोभायात्रा निकालकर मनाई बाबा साहेब की जयंती, जय भीम के नारों से गुंजा शहर
भव्य शोभायात्रा निकालकर मनाई बाबा साहेब की जयंती, जय भीम के नारों से गुंजा शहर

डीजे की धुन पर थिरकते रहे लोग खड्डा कुशीनगर। बाबा साहेब डा.भीमराव अम्बेडकर की…

News Addaa Logo

© All Rights Reserved by News Addaa 2020

News Addaa Breaking